- तैनात कर्मियों को मिलेगा अतिरिक्त प्रोत्साहन भत्ता
- चारधाम यात्रा के लिये 100 स्वास्थ्य मित्रों की तैनाती को मिली मंजूरी
- श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब और ऑपरेशन थियेटर मंजूर
देहरादून। केन्द्र सरकार ने राज्य में संचालित चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिये राज्य को 28.13 करोड़ के अतिरिक्त बजट की स्वीकृत दी है। इसके अलावा चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों को विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिये 100 स्वास्थ्य मित्रों की तैनाती और यात्रा में तैनात चिकित्सकों को प्रोत्साहन भत्ता भी स्वीकृत किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री डा.धन सिंह रावत ने बताया कि पहली बार चारधाम यात्राओं की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने के लिये केन्द्र सरकार ने अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की है। इसके लिये उन्होंने प्रधानमंत्री और केन्द्र स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताया।
स्वास्थ्य मंत्री डा.रावत ने बताया कि विगत माह केन्द्र सरकार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के तहत 32.85 करोड़ के अतिरिक्त बजट का प्रस्ताव भेजा था। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए चारधाम यात्रा के लिये अतिरिक्त बजट मंजूर किया है।
इसके अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना और यात्रा में तैनात चिकित्सकों और अन्य कार्मिकों के लिए प्रोत्साहन भत्ता के साथ ही 100 स्वास्थ्य मित्रों की तैनाती की मंजूरी देते हुए 28.13 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसमें से राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर गढ़वाल में कैथ लैब के लिये 8 करोड़ और आधुनिक ऑपरेशन थियेटर के निर्माण के लिये एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है, जबकि कैथ लैब संचालन के लिये जरूरी मानव संसाधन की स्वीकृत देते हुए 1.62 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
इसके अलावा चारधाम यात्रा में तैनात चिकित्सकों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टॉफ व चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के लिये प्रोत्साहन भत्ते के लिये 16 करोड 47 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। चार धाम यात्रा में तीर्थ यात्रियों को विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिये केन्द्र सरकार ने 100 स्वास्थ्य मित्रों की तैनाती की भी मंजूरी दी है, इनके वेतन और प्रोत्साहन भत्ता के लिये अलग से एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
स्वास्थ्य सचिव और एनएचएम मिशन निदेशक डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में स्थलीय स्वास्थ्य इकाइयों का निरीक्षण के दौरान यह महसूस किया गया कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों में हमारे स्वास्थ्य कर्मचारी कार्य करते हैं, उनको निश्चित तौर में अतिरिक्त मानदेय दिया जाना चाहिए। इसके लिए भारत सरकार से अतिरिक्त धनराशि के लिए बजट की मांग की गई थी, जिसको भारत सरकार ने स्वीकारा है और चारधाम यात्रा के लिए प्रदेश को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत अतिरिक्त बजट की मंजूरी दे दी है। निश्चित तौर पर इससे चारधाम क्षेत्र में कार्य कर रहे चिकित्साकर्मियों का उत्साहवर्धन होगा।
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि केदारनाथ धाम रूट में केदारनाथ 3500-3600 मीटर की ऊंचाई में तैनात चिकित्सकों को 1500 रुपये, पैरामेडिकल स्टॉफ एवं नर्सेस को 1000 रुपये व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 700 रुपये की धनराशि प्रतिदिन दी जाएगी। भीम बली-बडी लिनचोली 2600-3200 मीटर की ऊंचाई में तैनात चिकित्सकों को 1000 रुपये, पैरामेडिकल स्टॉफ एवं नर्सेस को 600 रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 400 रुपये की धनराशि प्रतिदिन दी जाएगी।
सोनप्रयाग-जंगल चट्टी 1800-2500 मीटर की ऊंचाई में तैनात चिकित्सकों को 700 रुपये, पैरामेडिकल स्टॉफ एवं नर्सेस को 500 रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 300 रुपये की धनराशि प्रतिदिन दी जाएगी। रुद्रप्रयाग-फाटा 700-1500 मीटर की ऊंचाई में तैनात चिकित्सकों को 400 रुपये, पैरामेडिकल स्टॉफ एवं नर्सेस को 250 रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 150 रुपये की धनराशि प्रतिदिन दी जाएगी।
बद्रीनाथ धाम रूट में घांघरिया-बद्रीनाथ 3000-3100 मीटर की ऊंचाई में तैनात चिकित्सकों को 1000 रुपये, पैरामेडिकल स्टॉफ एवं नर्सेस को 600 रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 400 रुपये की धनराशि प्रतिदिन दी जाएगी। गौचर-गोविंद घाट 800-1800 मीटर की ऊंचाई में तैनात चिकित्सकों को 400 रुपये, पैरामेडिकल स्टॉफ एवं नर्सेस को 250 रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 150 रुपये की धनराशि प्रतिदिन दी जाएगी।
गंगोत्री धाम रूट में हर्षिल-गंगोत्री 2700-3200 मीटर की ऊंचाई में तैनात चिकित्सकों को 1000 रुपये, पैरामेडिक एवं नर्सेस को 600 रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 400 रुपये की धनराशि प्रतिदिन दी जाएगी। चिनियालिसौड़-गंगनानी 900-2000 मीटर की ऊंचाई में तैनात चिकित्सकों को 450 रुपये, पैरामेडिक एवं नर्सेस को 300 रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 200 रुपये की धनराशि प्रतिदिन दी जाएगी।
यमुनोत्री धाम रूट में जानकी चट्टी-यमुनोत्री 2600-3300 मीटर की ऊंचाई में तैनात चिकित्सकों को 1000 रुपये, पैरामेडिकल स्टॉफ एवं नर्सेस को 600 रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 400 रुपये की धनराशि प्रतिदिन दी जाएगी। डामटा-राना चट्टी 650-2200 मीटर की ऊंचाई में तैनात चिकित्सकों को 450 रुपये, पैरामेडिकल स्टॉफ एवं नर्सेस को 300 रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 200 रुपये की धनराशि प्रतिदिन दी जाएगी।
स्वास्थ्य सचिव बोले, यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य मित्रों को भी नियुक्त किया जा रहा-
डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि यात्रा रूट में स्वास्थ्य मित्रों को भी नियुक्त किया जा रहा है, जिनका चयन स्थानीय स्तर पर मुख्य चिकित्साधिकरी की ओर से किया जाएगा। स्वास्थ्य मित्र और स्वास्थ्य कर्मी यात्रीगणों की किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य इकाइयों में पहुंचाने का कार्य करेंगे। स्वास्थ्य मित्रों को प्रतिदिन 570 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक स्वास्थ्य मित्रों को दो दिवसीय लाइफ सपोर्ट ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब के लिए भी भारत सरकार ने मंजूरी दे दी गई है।
Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर




