img

गुप्तकाशी। उत्तराखंड के केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड में हुए हादसे के सातवें दिन सर्च अभियान के दौरान दो शव बरामद किए गए। अभी तक कुल पांच शव बरामद हो चुके हैं और 18 लोग अभी भी लापता चल रहे हैं।

बीते तीन अगस्त को केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड में पहाड़ी दरकने से तीन दुकानें ध्वस्त हो गई थी। हादसे के समय दुकानों के अंदर 23 लोग मौजूद थे और ये लोग भी लापता हो गए थे। सर्च और रेस्क्यू अभियान के दौरान तीन नेपाली मूल के लोगों के शव उसी दौरान मिल गए थे और 20 लोग लापता चल रहे थे। 

बीस में से दो लोगों के शव गुरुवार को बरामद हुए और इनमें एक की पहचान वीर बहादुर निवासी नेपाल के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की शिनाख्त की जा रही है। अभी भी 18 व्यक्ति लापता चल रहे हैं, जिनका सर्च अभियान जारी है। मंदाकिनी नदी का बढ़ता हुआ जल स्तर भी सर्च आपरेशन करने में दिक्कतें पैदा कर रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि विगत दिनों गौरीकुंड डाटपुलिया के समीप भारी भूस्खलन के कारण लापता हुए बीस लोगों का सावतें दिन भी लगातार घटना स्थल व अन्य स्थानों पर जिलाधिकारी के निर्देशन में सर्च रेस्क्यू एवं खोजबीन का अभियान जारी रहा। सर्च रेस्क्यू एवं खोजबीन अभियान के दौरान दो शव बरामद हुए। घटना में लापता हुए 23 व्यक्तियों में से अब तक पांच व्यक्तियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शेष लापता व्यक्तियों का रेस्क्यू एवं खोजबीन कार्य जारी है।

रेस्क्यू एवं खोजबीन टीम में डीडीआरएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वाईएमएफ, पुलिस, प्रशासन की टीम शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस थाना चौकियों एवं फायर सर्विस द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सर्च रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
 


Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर