img

ऋषिकेश। दुनियाभर में योगनगरी के नाम से मशहूर उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक शर्मसार कर देने वाली घटना घटी है। यहां विदेशी महिला पर्यटक के साथ एक युवक ने छेड़छाड़ की। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उस पर पत्थर से हमला किया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। 

थाना लक्ष्मणझूला प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह गुसांई ने बताया कि सहारनपुर निवासी एक युवक ने विदेशी महिला से दोस्ती करने में असफल होने पर भूतनाथ मंदिर के पास विदेशी महिला के साथ छेड़खानी की, जब विदेशी महिला ने इसका विरोध किया तो उस पर पत्थर से हमला बोल दिया। 

उन्होंने बताया गया कि युवक ने महिला पर उस समय हमला किया, जब वह भूतनाथ मंदिर के निकट से गुजर रही थी, जो रूस की रहने वाली है। युवक ने पहले महिला से बातचीत कर दोस्ती किए जाने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने उसे नजरअंदाज कर वहां से आगे बढ़ गई। 

इस पर युवक ने उसका पीछा किया और रास्ता रोककर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला पर्यटक के विरोध किए जाने पर युवक ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिससे युवक जंगल की ओर भाग गया। लोगों ने घायल विदेशी महिला को उपचार के लिए लक्ष्मण झूला राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय पहुंचाया।

विदेशी महिला का उपचार कर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के माध्यम से युवक भूतनाथ मंदिर के निकट रास्ते से जंगल में झाड़ियों की ओर भागता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जंगल की झाड़ियों में छिपे युवक को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित ने अपना नाम अनुज निवासी कस्बा तीतरो,नकुड़, सहारनपुर-उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ लज्जा भंग करने और हत्या का प्रयास किए जाने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित ने पुलिस को बताया कि 4 दिन पहले ऋषिकेश घूमने आया था और वह यहीं पर ठहरा हुआ था।
 


Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर