img

देहरादून। Chardham Yatra News: उत्तराखंड में चल रही भारी बारिश और बर्फबारी के कारण मौसम का मिजाज काफी बिगड़ा हुआ है। बुधवार को भारी बारिश और बर्फबारी के कारण चारधाम यात्रा ( Chardham Yatra News)  रोक दी गई है। इसके चलते तीर्थयात्री और श्रद्धालु सुरक्षित स्थान पर रुक जाएं।

पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक कुमार ने कहा कि बारिश के साथ भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ों में भूस्खलन की संभावना रहती है, जिसके कारण पहाड़ों पर कई बार घंटों जाम में लग जाते हैं और मैदान के यात्रियों को यहां के मौसम की आदत न होने के कारण उन्हें काफी परेशानी होती है। इसलिए तीर्थयात्रियों को बहुत सावधानी बरतनी चाहिए और सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।

पुलिस महानिदेशक ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा है कि वह जहां भी हैं वहीं पर रुक जाएं ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो। उन्होंने कहा कि अभी पूरे उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी जारी है, जिससे चारधाम यात्रा खासा प्रभावित हुई है। ऐसे में यात्रा के लिए रास्ते सुरक्षित नही हैं।

उन्होंने एडवाइजरी जारी कर देशवासियों से अनुरोध किया है कि अभी लोग जहां हैं वहीं रहें। ऋषिकेश से आगे अभी ना आएं। सुरक्षा और सुविधाओं को देखते हुए अभी यही उचित है। पूरे उत्तराखंड में बारिश के कारण मौसम बहुत खराब है। 24 घंटे से लगातार बर्फबारी से यातायात रुक गया है जिसके चलते दर्शन करने गए श्रद्धालु केदारनाथ में ही फंसे हुए हैं। इसलिए अभी यात्रा के लिए श्रद्धालु न निकलें और मौसम ठीक होने तक अगले निर्देशों का इंतजार करें।

इंसेट

बारिश और बर्फबारी का सिलसिला अभी जारी रहेगा


मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा है कि बुधवार को जहां राज्य के जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 32 सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। चार मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपद में कुछ स्थानों और शेष पर्वतीय जनपदों में बारिश का क्रम जारी रहेगा। ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी चलती रहेगी, जिससे बचने की आवश्यकता है।

यही क्रम पांच को भी बना रहेगा। पांच मई को भी रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपद वर्षा और बर्फबारी से प्रभावित रहेंगे। छह मई को भी इन्हीं जनपदों में बारिश और बर्फबारी और 35 सौ मीटर से ऊपर वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी। मैदानी जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा।

मौसम विभाग के निदेशक ने सात मई की भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि उत्तराखंड के इन्हीं जनपदों में कुछ स्थानों पर शेष पर्वतीय जनपदों में कहीं कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी और 35 सौ मीटर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी। पूर्वानुमान के अनुसार यात्रियों से आग्रह किया है कि वह सुरक्षित स्थानों पर अपनी यात्रा स्थगित रखें। इसका करण बर्फबारी के कारण सड़कों का अवरुद्ध होना, क्षेत्र में तापमान शून्य से नीचे हो जाना है। संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने के कारण मार्गों का अवरोध होना प्रमुख है, जिससे क्षति हो सकती है। उन्होंने सभी आग्रह किया है कि यात्री खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण न लें, इससे क्षति हो सकती है।
 

 


Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर