सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह मजदूरों से भरा एक लोडिंग ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार करीब 16 मजदूर घायल हुए है। घायलों में 9 मजदूरों को गंभीर चोट आई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची महाराजपुर थाना पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को देवरी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रैफर किया गया है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है।
9 मजदूरों को आईं गंभीर चोटें
जानकारी के अनुसार ग्राम रमखिरिया से करीब 16 मजदूर शनिवार सुबह लोडिंग ऑटो में सवार होकर ग्राम खकरिया मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। इस दौरान अभी वाहन गांव से करीब 5 किमी दूर मोगरा के पास पहुंचा ही था तभी अचानक अनियंत्रित हो गया। इससे पहले की ड्राइवर संभाल पाता वाहन पलट गया। दुर्घटना में वाहन सवार 16 से अधिक मजदूर घायल हुए हैं। वहीं 9 मजूदरों को गंभीर चोटे आई हैं।
सूचना पर पहुंची महाराजपुर थाने की पुलिस
घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को देवरी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रैफर किया गया है। घायल हेमराज, राधाबाई ने बताया कि वे मजदूरी करने के लिए खकरिया जा रहे थे। तभी अचानक आपे अनियंत्रित हुआ और पलट गया। घटना के समय वाहन में महिला, पुरुष और बच्चों समेत करीब 16 लोग सवार थे। सभी घायल हुए हैं।
Read More: मध्य प्रदेश की धार भोजशाला मंदिर करार, हाई कोर्ट ने हिंदू पक्ष की मांग पर लगाई मुहर




