बाड़मेर। जिले के सदर थाना इलाके में डूंगेरो का तला गांव में एक विवाहिता ने अपनी तीन साल की बेटी और देवर के साथ टांके (घर में बनी पानी की टंकी) में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पीहर पक्ष की मौजूदगी में रविवार सुबह शव टांके से बाहर निकाले गए।
पुलिस के अनुसार डूगेरो का तला निवासी देवू (22) पत्नी जगदीश, बेटी ललिता (3) और खेमाराम (22) पुत्र चुतराराम शनिवार रात करीब नौ बजे टांके में कूद गए। तीनों के घर पर नहीं मिलने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। इस दौरान टांके के बाहर चप्पल पर होने पर संदेह हुआ। टांके में देखने पर तीनों के शव दिखे। रात होने के कारण तीनों के शवों को बाहर नहीं निकाला गया।
रविवार को पीहर पक्ष के आने के बाद तीनों के शवों को टांके से बाहर निकाला गया। फिलहाल तीनों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाहिता व काकी ससुर के बेटे के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसके चलते विवाहिता ने बेटी को लेकर देवर के साथ सुसाइड कर लिया। विवाहिता का पति जगदीश राजकोट (गुजरात) की फैक्टी में मजदूरी करता था। ज्यादातर समय वहीं पर रहता था। वहीं, मृतक खेमाराम ड्राइविंग का काम करता था।
डीएसपी आनंदसिंह ने बताया कि जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे। शवों को पीहर पक्ष के आने के बाद टांके से बाहर निकाले गए। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read More: बंगाल के आसनसोल में लाउडस्पीकर को लेकर बवाल,पुलिस टीम पर हमला, थाने में तोड़फोड़




