- पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने किया एक नेता की मौत होने का दावा
पटना। बिहार सरकार के खिलाफ विधानभवन का घेराव करने जा रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा )नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया । इसमें कई लोग घायल हो गए। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने ट्वीट कर दावा किया कि लाठीचार्ज में जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय सिंह की मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं पर पटना में हुआ लाठीचार्ज राज्य सरकार की विफलता और बौखलाहट का नतीजा है। महागठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार के किले को बचाने के लिए लोकतंत्र पर हमला कर रही है। जिस व्यक्ति पर चार्जशीट हुई है, उसको बचाने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता तक भूल गए हैं।
इससे पहले डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। जब वे नहीं माने तो पहले वाटर कैनन से पानी की बौछार की। आंसू गैस के गोले छोड़े। फिर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पत्थरबाजी की। पुलिस पर मिर्ची स्प्रे से हमला किया।
पुलिस ने महाराजगंज सांसद जनार्दन सिग्रीवाल को भी लाठी से पीटा और धक्का दिया। इसमें वह घायल हो गए। उनके सिर और चेहरे पर चोट आई है। प्रदर्शन में शामिल भाजपा बिहार प्रदेशाध्यक्ष सम्राट चौधरी और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई। विधानसभा संयोजक डॉ. संजय मिश्रा को कुर्ता फाड़कर पीटा गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को भी पुलिस ने नहीं छोड़ा। पुलिस ने सम्राट चौधरी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को बस भरकर ले गई।
भाजपा सांसद रामकृपाल यादव ने कहा कि हमलोग शांतिपूर्ण तरीके से मार्च पर निकले थे। अचानक पटना पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। नीतीश सरकार भाजपा के आंदोलन से बौखला गई है। इसलिए ऐसा तानाशाही रवैया अपना रही है। इधर, इस आंदोलन के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गया। इसके चलते आम आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंसेट
इन मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरी भाजपा
- नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देना
- 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने के वादा का क्या हुआ
- चार्जशीटेड डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का इस्तीफा
Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास




