नई दिल्ली। ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पर इनकम टैक्स (IT) सर्वे की कार्रवाई की है। मंगलवार को आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी.
इनकम टैक्स (IT) के आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बीबीसी (BBC) के दिल्ली और मुंबई सहित कुछ अन्य लोकेशन पर सर्च ऑपरेशन की कार्रवाई शुरू की गई है. आयकर विभाग की ओर से फिलहाल इसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन जल्द ही औपचारिक तौर पर इस संबंध में जानकारी दी जाएगी.
हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में बीबीसी (BBC) के दिल्ली दफ्तर को सील करने और सभी कर्मचारियों के फोन जब्त करने की बात कही जा रही है.
उल्लेखनीय है कि हाल ही में बीबीसी (BBC) ने 2002 गुजरात दंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री बनाई थी, जिस पर केंद्र सरकार ने रोक लगा दी थी। यह मामले पर सुप्रीम कोर्ट भी सुनवाई कर रहा है।
कांग्रेस ने कहा- अघोषित आपातकाल
बीबीसी (BBC) के ऑफिसों पर कार्रवाई को कांग्रेस ने PM मोदी पर बनी उसकी डॉक्यूमेंट्री से जोड़ा है। पार्टी ने ट्वीट कर इसे अघोषित आपातकाल बताया है। पार्टी ने अपने ट्वीट में लिखा- पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। अघोषित आपातकाल।
भाजपा ने कहा- आइना देखे कांग्रेस
कांग्रेस के बयान के बाद भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस आपातकाल की बात न करे। प्रेस की आजादी की बात करने वाले खुद आइना देखें। उन्होंने कहा -एओ. ह्यूम की बनाई पार्टी कांग्रेस का चाल, चरित्र अभी भी ब्रिटिश ही है। लगता है अंग्रेजों ने 1947 में भारत छोड़ने के बाद बीबीसी के विघटनकारी एजेंडे को देश में आगे बढ़ाने का काम कांग्रेस को सौंप दिया था। खैर, आपातकाल और प्रेस की आजादी की बात करने वालों को आईना जरूर देखना चाहिए।




