- मदुरै की कलेक्टर बोलीं, कॉफी बनाने के लिए स्टोव जलाया तो सिलेंडर में हुआ धमाका
मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के प्राइवेट कोच में आग लग गई। शनिवार तड़के हुए हादसे में यूपी के 10 तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 50 लोग झुलस गए हैं। प्राइवेट कोच में यूपी के 63 तीर्थयात्री सफर कर रहे थे। जिस वक्त घटना हुई उस वक्त कोच पुनालूर-मदुरै एक्सप्रेस से जुड़ा था। यह कोच 17 अगस्त को लखनऊ से भारत गौरव एक्सप्रेस से जुड़कर दक्षिण भारत के तीर्थस्थलों के लिए रवाना हुआ था।

मदुरै कलेक्टर एमएस संगीता ने बताया कि कोच में सभी यूपी के तीर्थयात्री थे। इस कोच को मदुरै में दो दिन तक रुकना था। यात्रियों ने आज सुबह कॉफी बनाने के लिए स्टोव जलाया तो सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया।
अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की सूचना सुबह करीब 5.15 बजे मिली। जब ट्रेन मदुरै यार्ड जंक्शन पर रुकी थी। इसके बाद 5.45 बजे फायर बिग्रेड ने आग बुझाने का काम शुरू किया। सुबह 7:15 बजे आग पर काबू पाया गया।
मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर जताया दुख
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मदुरै ट्रेन हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है। सीएम के निर्देश पर प्रमुख सचिव गृह ने कमान संभाल ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेलमंत्री से फोन पर बात की है। मुख्यमंत्री ने स्थानीय अधिकारियों एवं रेलवे के अधिकारियों के साथ समन्वय कर यूपी के लोगों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। यूपी सरकार की तरफ से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की है। दुर्घटना को लेकर यूपी सरकार ने टोल फ्री नंबर 1070 जारी कर दिया है।
मृतकों के परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा
आग की लपटें बढ़ती देख रेलवे ने फौरन अलग-बगल की बोगियों को अलग किया, जिससे कि आग दूसरी बोगियों में न फैल सके। आग से एक बोगी पूरी तरह जल चुकी है। मृतकों के परिवार को रेलवे ने 10 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया।
ममता ने रेलवे पर खड़ा किया सवाल
कोलकाता। तमिलनाडु के मदुरै में एक ट्रेन में आग लगने की वजह से 10 लोगों की मौत के मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रेलवे पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने शनिवार को एक्स(पहले ट्विटर) पर लिखा है, "रेलवे में एक और विनाशकारी घटना, इस बार आज मदुरै (तमिलनाडु) में हुई, जिसमें एक ट्रेन में भीषण आग लग गई और कम से कम 10 दुखद मौतें हो गई। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के लिए प्रार्थना करती हूं। उम्मीद करती हूं कि जांच कर जल्द ही जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। क्या मैं रेलवे अधिकारियों से सुरक्षा और मानव जीवन के प्रति अधिक सतर्क और कम संवेदनहीन होने का आग्रह कर सकती हूं?"
Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास




