img

भोपाल। प्रदेश में इस बार मानसून खंडवा, बुरहानपुर के रास्ते प्रवेश करेगा, लेकिन मानसून की एंट्री दो सप्ताह बाद होगी। इधर, मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश होने की बात कही है।

मौसम विभाग के अनुसार केरल में एंट्री के बाद मध्यप्रदेश में भी मानसून 2 सप्ताह के भीतर दस्तक दे देगा। मौसम वैज्ञानिकों ने 20 जून के बाद कभी भी मानसून के मध्यप्रदेश में आगमन की बात कही है। इससे पहले 25 जून तक का पूर्वानुमान था। इससे पहले प्री-मानसून की एक्टिविटी जारी रहेगी। प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान भी है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि मानसून की रफ्तार अगर ऐसी ही रही, तो प्रदेश में 20-25 जून तक दस्तक दे सकता है। पिछली बार की तरह ही यह खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर के रास्ते आएगा। सबसे पहले इंदौर, फिर भोपाल, ग्वालियर-जबलपुर भीगेगा। पिछले साल 16 जून को ही मानसून प्रदेश में आ गया था। 1 जुलाई तक प्रदेशभर में एक्टिव हो गया था।

प्रदेश के 16 जिलों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश हो सकती है। श्योपुरकलां, धार, रायसेन, बैतूल, भिंड, राजगढ़, खंडवा, विदिशा, सागर, अशोकनगर, बुरहानपुर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, अनूपपुर, डिंडोरी और दमोह जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है। भोपाल में बादल छा सकते हैं। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी। मौसम वैज्ञानिक पांडे ने बताया कि हल्की बारिश के साथ प्रदेश में हवा की रफ्तार भी बढ़ गई है। भोपाल में 40 कि.मी. प्रतिघंटे की स्पीड में हवा चलेगी। गुरुवार रात में भी तेज हवा चली थी। पिछले 24 घंटे में भोपाल में 0.4, तो ग्वालियर में 1.8 मिमी बारिश हुई।
 


Read More: मप्र के सागर में भीषण सड़क हादसा, पुलिस के 4 जवानों की मौत, कंटेनर से टकराई गाड़ी