नई दिल्ली। इस साल गर्मी सारे रिकार्ड तोड़ने पर आमादा है। नौतपा के पांचवें दिन बुधवार को देश में सबसे ज्यादा गर्मी का रिकॉर्ड दिल्ली ने तोड़ दिया। मंगेशपुर में दोपहर का तापमान 52.3 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में बारिश भी शुरू हाे गई है।
दिल्ली के बाद राजस्थान का चूरू शहर 50.5 डिग्री तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। राजस्थान में गर्मी से 23 से 29 मई तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है।
जल मंत्री आतिशी ने दिल्ली जल बोर्ड के CEO को पत्र लिखकर निर्देश दिया है कि वे तुरंत दिल्ली भर में 200 टीमें तैनात करें, ताकि पाइप से कार धोने, पानी की टंकियों के ओवरफ्लो होने और निर्माण या व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए घरेलू जल आपूर्ति के उपयोग पर नकेल कसी जा सके।
आतिशी ने निर्देश दिया कि 30 मई को सुबह 8 बजे से टीमें तैनात की जाएंगी और पानी की बर्बादी करने वाले किसी भी व्यक्ति पर 2000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा और निर्माण स्थलों या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अवैध पानी के कनेक्शन को काट दिया जाएगा।




