ऋषिकेश। ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए जाने का आरोप लगाया है। महिला ने युवक पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। महिला ने युवक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय महिला ने शिकायत में बताया कि वह संजय पुत्र इंद्र दत्त रतूड़ी निवासी आइडीपीएल, ऋषिकेश के संपर्क में आई। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ। आरोप है कि इस बीच कई दफा संजय ने शादी का वादा कर अलग-अलग स्थानों पर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी के लिए कहा, तो युवक मुकर गया। मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एम्स चौकी प्रभारी मनवर सिंह ने बताया कि महिला के पति की मृत्यु हो चुकी है। वह एम्स में नौकरी करती है। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक सोनल को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि महिला का बयान दर्ज करने और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर




