img

जयपुर। राजस्थान में सियासी संकट जारी है। पायलट ने अपने ही सरकार के खिलाफ कुछ दिन पहले मोर्चा खोल दिया था। वहीं, विधायकों और कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में लाने और आपसी मतभेदों के दूर करने के प्रयासों के तहत कांग्रेस पार्टी एवं समर्थक विधायकों से सोमवार से शुरु वन-टू-वन संवाद कार्यक्रम से पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के वसुंधरा राज में भ्रष्टाचार के खिलाफ अनशन का मुद्दा एक बार फिर गर्मा गया। कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने इस मामले में वरिष्ठ पार्टी नेता कमलनाथ के दखल से इनकार करते हुए खुद समाधान करने का दावा किया है। वहीं पूर्व मंत्री रघु शर्मा ने भ्रष्टाचार को लेकर पायलट के अनशन का समर्थन किया है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के अनशन पर बैठने के मुद्दे को पार्टी आलाकमान द्वारा ठंडे बस्ते में डालने के बावजूद पार्टी में आपसी खींचतान एक बार फिर सामने आ गई है। वन-टू-वन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेने जयपुर पहुंचे पार्टी प्रभारी रंधावा ने पायलट मामले के समाधान के लिए कमलनाथ के दखल के सवाल पर कहा कि मैं प्रभारी हूं तो मैं ही समाधान करुंगा। कमलनाथ की मुझे कोई जानकारी नहीं है। कमलनाथ का कोई लेटर हो तो दिखाइए। पत्रकारों से बातचीत में रंधावा ने दावा किया कि पायलट मामले का उचित समाधान निकाला जाएगा। विधायकों से चुनावी पहलुओं काे लेकर बात होगी। सभी एकजुटता से फील्ड में उतरें इसके लिए प्रभारी के तौर पर बात होगी।

उल्लेखनीय है कि सचिन पायलट के ग्यारह अप्रेल के अनशन को लेकर प्रभारी रंधावा ने पहले कड़ा रुख अपनाया था और अनशन को पार्टी विरोधी गतिविधि बताते देते हुए दस अप्रैल की रात को ही लिखित बयान जारी किया था। उस बयान के बाद पायलट को नोटिस देने के कयास लग रहे थे, लेकिन राहुल गांधी के दखल के बाद रंधावा के सुर बदल गए और माना जा रहा था कि मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है, लेकिन रंधावा के इस बयान के बाद विवाद फिर सुलगता दिख रहा है।

इधर पूर्व मंत्री और विधायक रघु शर्मा ने वसुंधरा राज के भ्रष्टाचार पर कार्रवाई नहीं होने पर सचिन पायलट के अनशन का समर्थन किया है। पत्रकारों से बातचीत में रघु शर्मा ने कहा कि भाजपा राज में भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। उस समय यह बहुत बड़ा मुद्दा था। उस मुद्दे पर कारगर कार्रवाई तो होनी चाहिए, इसमें क्या बात है? आज आम आदमी भी भ्रष्टाचार को लकर चिंतित है। हमारी सरकार ने जीरो टॉलरेंस की बात कही है तो कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट हमारे वरिष्ठ नेता हैं, पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं। उनके नेतृत्व में चुनाव लड़कर हमने सरकार बनाई है। सब मिलकर हम चुनाव लड़ेंगे और सबकी भूमिका आलाकमान तय करेगा।
 


Read More: बंगाल के आसनसोल में लाउडस्पीकर को लेकर बवाल,पुलिस टीम पर हमला, थाने में तोड़फोड़