देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून में आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से फोन पर वार्ता कर प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। सीएम ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में लोगों को शीघ्र राहत मिले, इसके लिए पूरी तैयारी रखी जाए।
जनपदों में खाद्य सामग्री, आवश्यक दवाइयों व अन्य आवश्यक सामग्री की पूरी व्यवस्था रखी जाए। सीएम ने सचिव आपदा प्रबंधन को निर्देश दिए कि लक्सर, खानपुर व प्रदेश के अन्य ऐसे स्थानों जहां पर कम बरसात के बावजूद भी जलभराव की समस्याएं आ रही है, वहां के लिए ड्रेनेज की उचित व्यवस्था करें।
24 घंटों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
उधर मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में मूसलाधार बरसात होने की संभावना है। आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के लिए येलो और देहरादून सहित 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट है। राज्य भर में 19 और 20 जुलाई को येलो अलर्ट, 21 को ऑरेंज और 22 जुलाई के लिए येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र के ड्यूटी ऑफिसर/ उप सचिव अखिलेश मिश्रा ने जारी पत्र में कहा है कि अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने के चलते श्रीनगर डैम से 3000 हजार क्यूमेक पानी छोड़ा गया है। इस संबंध में पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, देहरादून, हरिद्वार के जिला अधिकारियों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जीवीके पॉवर श्रीनगर गढ़वाल के सीनियर मैनेजर शाहिद शेख ने बताया कि अलकनंदा नदी के अपस्ट्रीम में आज लगभग 3000 क्यूमैक्स अतिरिक्त पानी श्रीनगर डैम पर पहुंचने की संभावना है। उपरोक्त डिस्चार्ज श्रीनगर डैम से होने के बाद 10:30 बजे देवप्रयाग, 12:30 बजे ऋषिकेश व दोपहर 01 बजे हरिद्वार पहुंचेगा। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से गंगा तटीय क्षेत्र में न जाने की अपील की है।
Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर




