img

मुंबई। महाराष्ट्र में कांग्रेस को लगातार झटके पर झटका लग रहा है। मिलिंद देवड़ा, बाबा सिद्दकी के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने भी सोमवार को कांग्रेस छोड़ दी। चव्हाण ने  पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनके बहुत जल्द भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

अशोक चव्हाण ने सोमवार को सुबह विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मिलकर विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था लेकिन इसकी अधिकृत घोषणा नहीं की थी। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले को पत्र लिखकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इस पत्र में अशोक चव्हाण ने खुद को पूर्व विधायक बताया है। इसलिए साफ हो गया है कि उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है।

अभी अशोक चव्हाण की ओर से कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है लेकिन भाजपा नेताओं के बयानों से उनके बहुत जल्द भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा सांसद प्रताप पाटिल चिखलीकर ने दावा किया है कि अशोक चव्हाण बहुत जल्द भाजपा में शामिल होंगे। साथ ही उनके साथ सात से आठ विधायक भी भाजपा में आ सकते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि कांग्रेस में बड़े पैमाने पर नाराजगी है। मिलिंद देवड़ा, बाबा सिद्दीकी का उदाहरण देख सकते हैं। अशोक चव्हाण के भाजपा में आने के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है, लेकिन अगर अशोक चव्हाण पार्टी में आते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा। बावनकुले ने कहा कि निकट भविष्य में कई कांग्रेस नेता भाजपा में आने वाले हैं। यह सभी कांग्रेस की नीतियों से परेशान हैं और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काम करना चाहते हैं।
 


Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास