भोपाल। Lok Sabha Elections 2024:मध्य प्रदेश की इंदौर लोकसभा सीट (Lok Sabha Elections) पर कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मतदान से 14 दिन पहले कांग्रेस के उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। ऐसे में इंदौर में भाजपा के सामने कांग्रेस की चुनौती खत्म हो गई है। इसके बाद अक्षय कांति बम भाजपा कार्यालय पहुंचे और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली।
दरअसल, इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम सोमवार को कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद वे कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विधायक मेंदोला के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे और भाजपा की सदस्यता ली।
अक्षय कांति बम का कहना है कि नामांकन जमा करने के बाद से ही उन्हें पार्टी की ओर से कोई समर्थन नहीं मिल रहा था। इसी बीच अक्षय कांति बम की मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से एक होटल में मुलाक़ात हुई। इसके बाद भाजपा विधायक रमेश मेंदोला को अक्षय के साथ नामांकन फॉर्म वापस लेने के लिए भेजा गया, जबकि विजयवर्गीय खुद बाहर डटे रहे। इसके साथ ही अक्षय कांति बम के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जीतू पटवारी बोले- अक्षय को डराया-धमकाया गया
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, 'अक्षय कांति बम पर तीन दिन पहले एक पुराने मामले में 307 की धारा बढ़वाई गई। डराया गया। धमकाया गया। रातभर यातना दी गई। अलग-अलग प्रकार की। आज उसको साथ ले जाकर फॉर्म वापिस निकलवा लिया गया। इंदौरवासियों, ये मैसेज है कि आपको वोट के अधिकार का इस्तेमाल नहीं करना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि आपको अगर लोकतंत्र में विश्वास है तो इस तानाशाही के खिलाफ खड़ा होना पड़ेगा।
Read More: इंदौर में इलेक्ट्रिक कार की चार्जिंग दौरान धमाका, घर में लगी आग , 6 लोगों की मौत




