मुंबई। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभावशाली नेता मिलिंद देवड़ा ने आज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। वह पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के करीब रहे हैं। राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू होने से ठीक ऐन वक्त पहले मिलिंद देवड़ा ने यह घोषणा कर राजनीतिक प्रेक्षकों को चौंका दिया।
मिलिंद देवड़ा ने रविवार को अपने एक्स हैंडल पर अपने राजनीतिक जीवन का सबसे अहम फैसला साझा किया है। उन्होंने लिखा, '' आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म।'' मिलिंद ने वर्षों तक अटूट समर्थन देने वाले सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा के पिता मुरली देवड़ा भी केंद्रीय मंत्री होने के साथ-साथ मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं।
शनिवार को उनके कांग्रेस छोड़कर शिवसेना के शिंदे गुट में शामिल होने की खबर आई थी। इस मामले में ट्विस्ट तब आया, जब शनिवार की शाम को देवड़ा की तरफ से कांग्रेस न छोड़ने की जानकारी मिली। देवड़ा आज शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल होंगे।
मिलिंद देवड़ा के पार्टी छोड़ने पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि इस्तीफे की टाइमिंग पीएम मोदी ने तय किया है। उनके पिता मुरली देवड़ा कांग्रेस के बड़े नेता थे। उनकी दोस्ती सभी पार्टियों से थी। लेकिन वे कांग्रेस के अटल और दृढ़ नेता थे। उन्होंने कांग्रेस का साथ कभी नहीं छोड़ा।
Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास




