img

नई दिल्ली। तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की सोमवार को तबियत बिगड़ी तो उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सुरक्षा में उन्हें तिहाड़ जेल से अस्पताल लाया गया।

अभी कुछ दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट में जैन के वकील ने बताया था कि उनका वजन 35 किलोग्राम कम हो गया है। वे मनी लांड्रिंग के आरोप में तिहाड़ की जेल संख्या सात में बंद हैं।

इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “सत्येंद्र जैन के बेहतर स्वास्थ्य के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। भाजपा सरकार के इस अहंकार और ज़ुल्म को दिल्ली और देश के लोग अच्छे से देख रहे हैं। भगवान भी इन अत्याचारियों को कभी माफ नहीं करेंगे। इस संघर्ष में जनता हमारे साथ है, ईश्वर हमारे साथ हैं, हम सरदार भगत सिंह जी के चेले हैं। जुल्म, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ हमारी ये लड़ाई जारी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि जैन 31 मई 2022 से तिहाड़ जेल में बंद हैं। जैन की जब गिरफ्तारी हुई थी, तब उनका वजन 97 किलो था। अब वजन घटकर 62 किलो हो गया है।

जेल सूत्रों की मानें तो वह किसी भी तरह का अन्न नहीं खा रहे हैं। खाने में रोटी, चावल, दाल या अन्य जो भी खाना जेल में उपलब्ध होता है, वे नहीं खाते हैं। उनका कहना है कि जेल में रहते हुए अन्न नहीं खा सकते हैं। जेल में सूर्यास्त से पहले फल और सलाद खाते हैं। उनके गिरते वजन को देखते हुए उनके स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी रख रही है। ताकि उन्हें कोई स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या ना हो जाए।

जैन ने दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा 21 अप्रैल को अपनी जमानत याचिका खारिज होने के बाद सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। हाई कोर्ट ने जैन की जमानत याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि वे एक प्रभाशाली व्यक्ति हैं। इसलिए साक्ष्यों से छेड़छाड़ कर सकते हैं।
 


Read More: बंगाल के आसनसोल में लाउडस्पीकर को लेकर बवाल,पुलिस टीम पर हमला, थाने में तोड़फोड़