img

भोपाल। प्रदेश में अगले दो दिन तेज गर्मी वाले रहेंगे। मौसम विभाग ने ग्वालियर समेत प्रदेश के पांच शहरों में शनिवार को हीट वेव चलने की आशंका जताई है। लेकिन 22 मई से गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। प्रदेश में एक बार फिर हल्की बारिश का दौर शुरू होगा, जो नौतपे की शुरुआत तक चलेगा।

इस बार नौतपा 25 मई से शुरू हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले साल की तरह इस बार भी नौतपा की शुरुआत ठंडी रहेगी। 22 मई से फिर आंधी पानी का मौसम शुरू होगा, जो नौतपा के तीन-चार दिन तक बना रहेगा। हालांकि, अगले दो दिन तेज गर्मी वाले होंगे। मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन के अनुसार शनिवार-रविवार को मौसम शुष्क यानी साफ रहेगा। इसके चलते 20 और 21 मई को ग्वालियर, रतलाम, गुना, छतरपुर, सागर और टीकमगढ़ में हीट वेव यानी गर्म हवाएं चलेंगी।

भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन समेत प्रदेशभर में गर्मी का असर रहेगा। लोकल सिस्टम एक्टिव होने से भोपाल में शनिवार को दोपहर बाद बादल छाने और बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 मई से अरब सागर से नमी आना शुरू हो जाएगी। इससे ग्वालियर-चंबल अंचल में बादल बनेंगे। 23 से 25 मई के बीच बूंदाबांदी के आसार बनेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 मई को अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा सतना, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, छतरपुर और टीकमगढ़ में मौसम बदला रहेगा।
 


Read More: मध्य प्रदेश की धार भोजशाला मंदिर करार, हाई कोर्ट ने हिंदू पक्ष की मांग पर लगाई मुहर