img

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  ने आपदा की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी सचिवों को अपने विभागों से संबंधित कार्य योजना बनाए और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यह भी कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो हेलीकॉप्टर से खाद्य सामग्री भेजी जाए।

सचिवालय स्थित आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम में मुख्यमंत्री धामी ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश में अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति और आपदा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि राहत कार्यों के लिए पर्याप्त बजट है। सरकार संसाधनों की कमी नहीं आने देगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ये सुनिश्चित कर लिया जाये कि प्रभावितों को रहने खाने और अन्य आवश्यक सामग्री की पूरी उपलब्धता हो। फूड पैकेट की पर्याप्त उपलब्धता रखी जाए। पेयजल के साथ ही बच्चों को दूध की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर हेलीकाप्टर से भी खाद्य सामग्री भेजी जाए। जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी जल्द की जाए। जल जनित रोगों से बचाव के लिए भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जायें। सभी संबंधित विभाग प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर लें। बारिश से पेयजल, विद्युत, सड़क एवं अन्य व्यवस्थाएं जो प्रभावित हुए हैं, उन्हें शीघ्र सुचारू किया जाये।

सभी विभागीय सचिव अपने अपने विभागों से संबंधित व्यवस्थाएं देखें और अपने जिला स्तरीय अधिकारियों के निरंतर संपर्क में रहें। प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के साथ ही उनके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग से भी लगातार संपर्क में रहें।

इस मौके पर मुख्य सचिव डॉ. एस. एस संधू, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, सचिव आपदा प्रबन्धन डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, विनय शंकर पांडेय, विभिन्न विभागों के सचिव, अपर सचिव एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
 


Read More: Uttarakhand Rain Alert : दून-बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, राज्य में मानसून सक्रिय