img

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस काठगोदाम में अधिकारियों की बैठक लेते हुए मानसून अवधि और आपदा के दृष्टिगत अधिकारियों को सजग रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्त अधिकारी अपने क्षेत्रों में पल-पल के खबरों की जानकारी लेते हुए नजर बनाए रखें, जिससे किसी भी प्रकार की आपदा के घटित होने पर उसके प्रभाव को कम करते हुए ससमय राहत व बचाव का कार्य किया जा सके।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हम किसी भी आपदा को रोक नहीं सकते किंतु उसके होने वाले प्रभावों को कम कर सकते है, इसके लिए हम सभी को सजग रहते हुए कार्य करना है। इस दौरान उन्होंने बरसात के सीजन में आने वाली आपदा के पुराने अनुभव को देखते हुए अधिकारियों को इस बार पुख्ता तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समस्त निर्माण दाई संस्था अपने क्षेत्रों में नालों की साफ-सफाई, झाड़ी-कटान के साथ ही सड़कों पर पड़े हुए मलबे को साफ करना सुनिश्चित करें। दूसरी तरफ अतिक्रमण को लेकर उन्होंने कहा कि अब तक 2700 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण चिन्हित हुआ है और धीरे-धीरे वन भूमि और सरकारी भूमि में हुए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है और सरकार द्वारा लोगों से भी अपील की गई है जो स्वयं अतिक्रमण भूमि में बैठे हैं वह अपना अतिक्रमण स्वतः खाली कर दें। इसके साथ ही सीएम ने ट्रैफिक प्लान, पेयजल के साथ ही विकास कार्यों की जानकारी ली।

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, मेयर डॉ जोगिंदर पाल सिंह रौतेला, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत, नैनीताल सरिता आर्या, लालकुआं डॉ मोहन सिंह बिष्ट, भीमताल राम सिंह कैड़ा, डा. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्य, प्रकाश हरर्बोला, सुरेश भट्ट, आईजी नीलेश आनंद भरणे, जिलाधिकारी वंदना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट, डीएफओ संदीप कुमार, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान विशाल सक्सेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
 


Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर