img

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा (chardham yatra 2023) मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तारीकरण के लिये केन्द्र सरकार से 500 करोड़ की धनराशि की मांग की है। इसके लिये विभागीय अधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के समक्ष योजना का विस्तृत प्रस्तुतिकरण देकर डीपीआर को अंतिम रूप दिया।

 यमुना कालोनी स्थित शासकीय आवास में चिकित्सा स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों की बैठक ली। इसमें विभागीय अधिकारियों ने चारधाम यात्रा के अंतर्गत चारों धामों सहित यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तारीकरण संबंधी योजना का प्रस्तुतिकरण दिया। नई योजनाओं के तहत चार धाम के अंतर्गत आने वाले पांच चिकित्सा इकाइयों के उच्चीकरण के साथ ही श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब सहित कार्डिक यूनिट, ट्रामा सेंटर व मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर स्थापित करना शामिल है। इसके साथ ही चार धाम यात्रा पर तैनात चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टॉफ और अन्य कार्मिकों को प्रोत्साहन भत्ता देने की भी योजना है।

मंत्री ने बताया कि प्रत्येक वर्ष चारधाम यात्रा पर देशभर के लाखों यात्री पहुंचते हैं, लेकिन इन स्थानों पर समिति स्वास्थ्य सुविधाओं के चलते यात्रियों को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना संभव नहीं हो पाता है। इसको देखते हुए पिछले दिनों केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में नई दिल्ली में हुई बैठक में चार धाम यात्रा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तारीकरण के लिये पृथक पैकेज की मांग रखी गई थी, जिसकी विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) तैयार कर भारत सरकार को भेजी जा रही है। इसमें स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तारीकरण के लिये लगभग 500 करोड़ की मांग की गई है।

इसके अंतर्गत जोशीमठ,गुप्तकाशी, भटवाड़ी, पुरोला व बड़कोट चिकित्सा इकाइयों के उच्चीकरण के लिये 150 करोड़, श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब सहित कार्डिक यूनिट, ट्रामा सेंटर व मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर की स्थापना के लिये 27 करोड़, विभिन्न स्थानों पर ट्रांजिट हास्टल एवं स्वास्थ्य कुटीर की स्थापना को 37 करोड़, मानव संसाधन के वेतन भत्तों एवं प्रोत्साहन राशि के लिये 270 करोड़, कार्डिक मोबइल वैन/एम्बुलेंस को 1.5 करोड़, जनजागरूकता एवं चिकित्सकों व कार्मिकों के विशेष प्रशिक्षण के लिए 2 करोड़ और विभिन्न मेडिकल उपकरणों के लिए 6.5 करोड़ शामिल है।

विभागीय मंत्री ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर केन्द्र सरकार से देश के अन्य राज्यों से भी मेडिकल कॉलेज के पीजी छात्रों को यात्रा काल के लिये चारधाम यात्रा में तैनात करने की मांग की जाएगी, जिससे देशभर से उत्तराखंड आने वाले तीर्थ यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जा सकें।

बैठक में अपर सचिव स्वास्थ्य अमनदीप कौर, महानिदेशक स्वास्थ्य डा. विनीता शाह,डा. सुजाता सहित उत्तराखंड हेल्थ सिस्टम डेवलपमेंट की टीम व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
 


Read More: उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, कई नदियां खतरे स्तर पहुंची,आपदा प्रबंधन एजेंसियां हाई अलर्ट पर