मुंबई। बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस को सोमवार को एक व्यक्ति ने कॉल पर यह धमकी दी।
पुलिस के अनुसार सोमवार को देर रात मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में सलमान खान को जान से मारने की धमकी वाला फोन काल आया था। कॉल करने वाले ने कहा कि वो राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है और 30 अप्रैल को सलमान को मार देगा। धमकी देने वाले ने अपनी पहचान रॉकी भाई के रूप में बताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले भी सलमान खान को ई-मेल के जरिए धमकी मिल चुकी है। धमकी भरा ई-मेल उनके मैनेजर के मेल पर भेजा गया था। मुंबई पुलिस फोन करने वाले के बारे में जानकारी जुटा रही है। इससे पहले भी सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। आत्मरक्षा के लिए सलमान ने विदेश से एक खास बुलेटप्रूफ कार भी मंगवाई है।
सोमवार को देर रात ही पुलिस कंट्रोल रूम को एक अज्ञात शख्स ने फोन करके मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को उड़ाने की धमकी दी, यह कहने के बाद उसने फोन कट कर दिया। यह कॉल नागपुर पुलिस कंट्रोल रूम में आई थी। इसलिए तत्काल मुंबई पुलिस को सूचना दी गई और मुंबई पुलिस ने नंबर के आधार पर फोन करने वाले शख्स की लोकेशन का पता लगा लिया। यह कॉल मुंबई के धारावी इलाके में रहने वाले पेशे से वार्ड बॉय राजेश मारुती आगवाने ने नशे की हालत में की थी। इस मामले में पुलिस ने अभी केस दर्ज नहीं किया है, लेकिन हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।
Read More: 'ताल 2' से कटा ऐश्वर्या राय, अक्षय खन्ना और अनिल कपूर का पत्ता, सुभाष घई का खुलासा




