img

देहरादून। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के तल्लाजोहार क्षेत्र में होकरा के पास गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें एक बोलेरो खाई में गिर गयी, जिसमें सवार 10 लोगों के मौत हो गई है। राज्य आपदा प्रबंधन और बचाव विभाग ने इसकी पुष्टि की है।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ के नाचनी थाना क्षेत्र में बोलेरो के दुर्घटनाग्रस्त होने और हादसे में मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख जताया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की कामना करने के साथ मृतकों के परिजनों को धैर्य प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

राज्य आपदा प्रबंधन और बचाव की जारी विज्ञप्ति के अनुसार आज सुबह बोलेरो वाहन संख्या यूके-02टीए 10845 में सवार होकर बागेश्वर के शामा क्षेत्र के लोग होकरा मंदिर में पूजा के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनका बाेलेरो वाहन थाना क्षेत्र नाचनी में पहुंचा तो वह मसूरी-होकरा मोटर मार्ग पर सप्लाई गोदाम के पास पांच सौ मीटर नीचे खाई में गिर गया। इसकी सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट अस्कोट से मुख्य आरक्षी सुनील चन्द्र और पोस्ट कपकोट से एएसआई महिपाल सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।

इसके बाद वहां पहुंचने पर एसडीआरएफ की दो रेस्क्यू टीमों ने 500 मीटर गहरी खाई में उतरकर वाहन में सवार 10 लोगों के शवों को एकत्र कर मुख्य मार्ग तक पहुंचाने का कार्य किया। वाहन में सवार सभी शवाें की पहचान कर ली गई है।

 


Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर