- मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दु:ख, मजिस्ट्रेट जांच के दिये आदेश
-जिला प्रशासन, एसडीआरएफ सहित अन्य दल बचाव में लगाए गए
-सात लोग गंभीर रूप से घायल, घायलों को हायर सेंटर रेफर करने के लिए हेलीकॉप्टर की ली जा रही सेवा
गोपेश्वर। उत्तराखंड के चमोली जिले में बुधवार सुबह नमामि गंगे प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा हो गया। चमोली बाजार के समीप नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर अचानक करंट फैल गया। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गयी जबकि कई सात अन्य झुलस गए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना पर दु:ख जताया है। घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। घायलों को हायर सेंटर रेफर करने के लिए हेलीकॉप्टर की सेवा ली जा रही है। आपदा परिचालन केंद्र ने विज्ञप्ति जारी कर इसकी पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि बीते रोज एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। परिजन मृतक का शव उठाने नहीं दे रहे थे। परिजनों का कहना था कि जब तक मौत के कारणों का पता नहीं चल पाता है वे शव को नहीं उठाने देंगे। बुधवार की सुबह मृतक के परिजन, ग्रामीण आदि करीब 35 से 40 लोग घटना स्थल पर पहुंचे, जहां टीन शेड में अचानक करंट आने से ये लोग उसकी चपेट में आ गए। इस कारण से 15 लोगों की मौत हो गयी। इसमें पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि करंट इतना तेज था कि लोगों के शरीर तक फट गए। करंट आने के बाद ट्रांसफार्मर में आग लग गई और उसमें धमाका हो गया। कुछ लोगों के नदी में कूदने की भी खबर है। झुलसे हुए लोगों को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है। पुलिस उपाधीक्षक चमोली प्रमोद शाह ने बताया कि कुछ घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना में 15 लोगों के हताहत होने का समाचार मिला है। इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिये गये हैं। सभी बचाव दल जिला प्रशासन, एसडीआरएफ सहित अन्य दल लगे हुए हैं। घायलों को हायर सेंटर रेफर के लिए हेलीकॉप्टर की सेवा ली जा रही है। जो भी अनुबंधित सहायता होगी उसे पूरा किया जाएगा।
इसके लिए विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर और 3 होम गार्ड भी हादसे का शिकार हुए हैं। इसकी जांच एडीजी लॉ एंड आर्डर वी. मुरुगन, देहरादून कर रहे हैं।
आपदा परिचालन केंद्र ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि हादसे के समय कुल 22 लोग वहां पर मौजूद थे। इसमें से 15 लोगों की मौत हो गयी और सात अन्य लोग घायल हुए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को उत्तराखंड के चमोली में हुए हादसे पर दुख जताया है।प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, “अत्यंत पीड़ादायक! उत्तराखंड के चमोली में हुए हादसे से बहुत दुख हुआ है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना प्रकट करने के साथ ही सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।”
मुख्यमंत्री धामी किया आर्थिक सहायता का ऐलान
देहरादून। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख और घायलों को 1-1 लाख रुपये की राहत राशि अविलंब प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर मुख्यमंत्री धामी से चमोली घटना के संबंध में जानकारी ली है। मुख्यमंत्री धामी चमाेली नहीं जा सके। बताया गया कि मौसम की खराबी के कारण उनके हेलीकाप्टर को वापस लौटना पड़ा। अब वह एम्स ऋषिकेश में भर्ती घायलों का हालचाल लेने जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री को चमोली की घटना की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घायलों को एम्स ऋषिकेश हेलीकॉप्टर से लाया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय को भी घटना की पूरी जानकारी दी गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने चमोली घटना में मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की राहत राशि अविलंब प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री चमोली स्थित घटना स्थल के लिए रवाना हुए थे, लेकिन मौसम खराब होने के चलते हेली उड़ कर वापस आ गया है।
Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर




