img

आइजोल। मिजोरम में बुधवार को निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरने से कम से कम 17 श्रमिकों की मौत की खबर है। मीडिया रिपोर्टस में अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि राजधानी आइजोल से 21 किलोमीटर दूर सायरंग में सुबह 10 बजे यह हादसा हुआ है।

घटना के दौरान 35 से 40 मजदूर पुल पर काम कर रहे थे। यह पुल बैराबी को सायरंग से जोड़ने वाली कुरूंग नदी पर बन रहा था। प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है।

पुल में कुल 4 पिलर हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि तीसरे और चौथे पिलर के बीच का गाडर टूटकर गिरा हुआ है। सभी मजदूर इसी गाडर पर काम कर रहे थे। जमीन से पुल की ऊंचाई 104 मीटर यानी 341 फीट है। यानी पुल की ऊंचाई कुतुब मिनार से भी ज्यादा है।

रेल मंत्रालय ने बुधवार को मिजोरम में निर्माणाधीन रेल पुल हादसे के पीड़ितों के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया है। मंत्रालय ने मृतकों के परिवार को 10- 10 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि का ऐलान किया है। मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच कमेटी का भी गठन किया गया है।


Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास