• पिछले चार सालों में बढ़ा है परिवार नियोजन के इस आधुनिक अस्थाई साधन का ग्राफ
• राज्य में वित्तीय वर्ष 2023-24 में 13.60 लाख महिलाओं ने अपनाया अंतरा
• अस्थाई साधनों में सुरक्षित उपाय है तिमाही गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा
लखनऊ। परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत त्रैमासिक गर्भ निरोधक इंजेक्शन ‘अंतरा’ को अपनाकर दम्पति खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं। परिवार नियोजन के आधुनिक अस्थाई साधनों में त्रैमासिक इंजेक्शन अंतरा को महिलाओं द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। पिछले चार सालों से अंतरा इंजेक्शन का आंकड़ा लगातार बढ़ा है। ऐसे में सबसे ज्यादा मान्यता महिलाओं ने अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन को दी है।
प्रदेश में पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 में 13.60 लाख महिलाओं ने अंतरा इंजेक्शन अपनाया। 2022-23 में 9.65 लाख महिलाओं नें अंतरा का चुनाव किया। 2021-22 में छह लाख महिलाओं ने इसे लगवाया। वहीं वर्ष 2020-21 में 3.40 लाख महिलाओं ने अंतरा अपनाया। इससे पता चलता है कि इस अस्थाई साधन को महिलाओं ने तवज्जो दी है।
महाप्रबंधक, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय स्वास्थय मिशन डा. सूर्यांशु ओझा बताते हैं कि महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार लाने को गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा को महिलाओं ने विकल्प के रूप में चुना है। अंतरा इंजेक्शन अनचाहे गर्भ को रोकने और दो बच्चों के बीच अंतर रखने का सुरक्षित और प्रभावी अस्थायी गर्भनिरोधक विकल्प है। तीन माह के अंतराल पर लगने वाला यह इंजेक्शन जिला महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर व उपकेन्द्रों पर लगाया जाता है।
उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम का सीधे तौर पर मातृ शिशु स्वास्थ्य और पोषण से गहरा सम्बन्ध है। यह दंपति के गुणवत्तापरक जीवन के लिए भी बहुत ज़रूरी है। इसके लिए त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा बेहतर विकल्प है। इसकी पहली डोज़ चिकित्सक, स्टॉफ नर्स, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) या प्रशिक्षित एएनएम द्वारा लाभार्थी की स्क्रीनिंग के बाद ही लगाई जाती है।
क्या कहते हैं लाभार्थी
सआदतगंज के रुस्तमनगर की 35 वर्षीय निशा बताती हैं कि वह पांच सालों से हर तीन महीने के अंतराल में अब तक बीस अंतरा गर्भनिरोधक लगवा चुकी हैं। पहली बार अंतरा इंजेक्शन लगवाने पर बहुत झिझक थी पर रोज़ गर्भनिरोधक गोली खाने से बेहतर तीन माह पर इंजेक्शन की सुविधा ज्यादा बेहतर लगी। तब से डफरिन अस्पताल में जाकर हर तीसरे महीने इसे लगवा रही हूँ और इससे मुझे कोई दिक्कत नहीं हुई। यह इंजेक्शन लगवाना आसान और सुरक्षित है।
प्रोत्साहन राशि भी मिलती है
अंतरा इंजेक्शन लगवाने पर प्रत्येक लाभार्थी महिला को हर तीन महीने पर 100 रुपए प्रति डोज दिए जाते हैं। साथ ही अंतरा गर्भनिरोधक से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी टोल फ्री नंबर 104 के जरिए ली जा सकती है।
Read More: NEET की नई तारीख का ऐलान, 21 जून को दोबारा परीक्षा होगी




