img

विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह में दुनिया के समस्त लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज 11वीं बार पूरा विश्व एक साथ योग कर रहा है। योग का सीधा अर्थ होता है जुड़ना। यह देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरे विश्व को जोड़ा है। बता दें कि पीएम मोदी ने यहां 3 लाख लोगों और 40 देशों के राजनयिक के साथ योग किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मुझे गर्व होता है जब मैं देखता हूं कि हमारे दिव्यांग साथी योगशास्त्र पढ़ते हैं। वैज्ञानिक अंतरिक्ष में योग करते हैं। गांव-गांव में युवा साथी योग ओलंपियाड में भाग लेते हैं।" उन्होंने कहा "विशाखापत्तनम शहर प्रकृति और प्रगति दोनों की संगम स्थली है। योगांद्रा अभियान से दो करोड़ से ज्यादा लोग जुड़े हैं। लोगों की भागीदारी की यही भावना विकसित भारत का मुख्य आधार है।"

उन्होंने कहा, "विश्व में योग के प्रसार के लिए भारत योगविज्ञान को आधुनिक रिसर्च से और अधिक सशक्त कर रहा है। देश के बड़े मेडिकल संस्थान योग पर रिसर्च में जुटे हैं। योग की वैज्ञानिकता को आधुनिक चिकित्सा पद्धति में स्थान मिले ये हमारा प्रयास है।" प्रधानमंत्री मोदी इस समय विशाखापत्तनम से राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे हैं।

इस वर्ष की थीम "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" है। यह वैश्विक स्वास्थ्य के भारत के दृष्टिकोण को प्रतिध्वनित करता है और कल्याण के एकीकृत दृष्टिकोण को दर्शाता है। यह "सर्वे संतु निरामया" (सभी रोग मुक्त हों) के भारतीय लोकाचार से प्रेरित होकर मानव और ग्रह स्वास्थ्य के परस्पर संबंध पर जोर देता है। प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार शाम विशाखापत्तनम पहुंचे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने उनका स्वागत किया। (हि.स.)
 


Read More: PM मोदी आज रात 8:30 बजे देश को करेंगे संबोधित, महिला आरक्षण पर कर सकते हैं बात