img

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार से तीन दिवसीय यूपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (GIS-2023) का शुभारंभ हो गया। आयोजन के लिए लखनऊ पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में देश दुनिया के कई कॉपरेट दिग्गज शामिल हुए। इस मौके पर कॉपरेट दिग्गजों ने समिट को लेकर अपने विचार रखे।


क्या बोले कॉपरेट दिग्गज

-निवेश के लिए आकर्षण बन गया है यूपी: कुमार मंगलम बिरला
आदित्य बिरला ग्रुप के प्रमुख कुमार मंगलम बिरला ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार ने ईज आफ डूइंग बिजनेस को लेकर कई शानदार कदम उठाए हैं जिसके कारण यह निवेशकों के लिए आकर्षक प्रदेश बन गया है। उन्होंने उद्योगपतियों ने प्रदेश में निवेश की अपील की है।

-नए भारत के लिए आशा का केंद्र बना यूपी: मुकेश अंबानी 
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार और ईज आफ डूइंग बिजनेस में सुधार के कारण यूपी नए भारत के लिए आशा का केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए उद्योग और सहयोग दोनों की आवश्यकता है जिसे यूपी पूरा कर रहा है।

-यूपी के विकास में योगदान देने के लिए टाटा संस प्रतिबद्घ
टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने अपने भाषण में कहा कि यूपी में विकास की अपार संभावनाएं हैं। कृषि के क्षेत्र में प्रदेश पहले ही खुद को साबित कर चुका है। यहां की करीब 24 करोड़ जनसंख्या प्रदेश की ताकत है। यूपी भारत को पांच ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने में बड़ा योगदान दे सकता है। टाटा संस प्रदेश के विकास में सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्घ है।

-योगी बने विकास के मुख्य वाहक : डेनियल बर्चर

ज्यूरिख एयरपोर्ट आफ एशिया के सीईओ डेनियल बर्चर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास के मुख्य वाहक बन गए हैं। उनके सहयोग से ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आकार ले पा रहा है। प्रोजेक्ट के विकास के लिए हमें भूमि अधिग्रहण में आसानी हुई। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश के विकास के लिए नई संभावनाएं खोलेगा।


Read More: लखनऊ के गोमती नगर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, मजदूर दबे, एक की मौत