img

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए बारिश, गर्जन और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। राजधानी देहरादून में मंगलवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। आसमान काले बादलों से घिरा रहा और शहर के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।

मंगलवार को मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ बारिश तथा 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर, हरिद्वार और उत्तरकाशी जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया। अगले एक से दो दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है, जबकि इसके बाद अगले तीन से चार दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम में आए बदलाव के चलते देहरादून समेत कई इलाकों में ठंड का एहसास बढ़ गया है। सुबह के समय सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर सामान्य से कम आवाजाही देखी गई।

मौसम विभाग के अनुसार दिनभर बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। (हि.स.)

 


Read More: Uttarakhand Rain Alert : दून-बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, राज्य में मानसून सक्रिय