-फोर्ब्स के मुताबिक- 35,000 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं अनिल अग्रवाल
नई दिल्ली। मेटल किंग के नाम से मशहूर वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश का निधन हो गया है। उनकी उम्र केवल 49 साल थी। अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी।
अनिल अग्रवाल ने बताया कि उनके बेटे अग्निवेश का जन्म 3 जून 1976 को पटना में हुआ था। उन्होंने अपने बेटे को एक खिलाड़ी, संगीतकार और लीडर बताया, जो अपनी गर्मजोशी, विनम्रता और दयालुता के लिए जाने जाते थे।
अग्रवाल ने X पर एक पोस्ट में लिखा- 'आज मेरे जीवन का सबसे दुखद दिन है। मेरे प्यारे बेटे अग्निवेश ने हमें बहुत जल्द ही अलविदा कह दिया। वह महज 49 साल के थे, स्वस्थ थे, जीवन से भरपूर थे और उनके सपने भी बहुत थे।
अमेरिका में स्कीइंग दुर्घटना के बाद, न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई अस्पताल में उनकी सेहत में सुधार हो रहा था। हमें लगा था कि अब सब कुछ ठीक हो गया है, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अचानक हृदय गति रुकने से हमारे बेटे ने हमें उनसे छीन लिया।
मेरे लिए, वे सिर्फ मेरे बेटे नहीं थे, वे मेरे दोस्त थे, मेरा गौरव थे, मेरी दुनिया थे, परिवार इस क्षति से व्याकुल हैं। किरण और मैं टूट गए हैं।'
वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अग्निवेश अग्रवाल का न्यूयॉर्क में 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, "श्री अग्निवेश अग्रवाल का असामयिक निधन अत्यंत स्तब्ध और दुखद है। इस भावपूर्ण श्रद्धांजलि में आपके गहरे शोक की झलक स्पष्ट है। प्रार्थना है कि आपको और आपके परिवार को निरंतर शक्ति और साहस प्राप्त हो। ओम शांति।"
Read More: बिहार: नालंदा के शीतलाष्टमी मंदिर में भगदड़ , 8 महिलाओं की मौत , सरकार ने दिया जांच का आदेश




