img

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जनपदों में बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया है। सोमवार को जहां पूरे प्रदेश में बारिश के रेड अलर्ट की घोषणा है वहीं मंगलवार को राज्य के छह जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने सोमवार को जहां पूरे प्रदेश में रेड अलर्ट की घोषणा है वहीं मंगलवार को पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। 18 से 22 जुलाई तक पूरे प्रदेश में येलाे अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं और भारी तबाही हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि 19 जुलाई से 22 जुलाई तक अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश संभव है। कहीं कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है और बारिश के तीव्र से अति तीव्र का दौर जारी रह सकता है।

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह का कहना है कि मौसम की भविष्यवाणी अभी भी लोगों के लिए डरावना बना हुआ है। बारिश के रेड अलर्ट के चलते लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र सचिवालय की जानकारी के अनुसार रविवार को चार धामों में केवल 6199 यात्री हुई यात्रा को पहुंचे। इसमें बद्रीनाथ में 2369, हेमकुंड 189, केदारनाथ 2039, गंगोत्री 636, यमुनोत्री 966 यात्री दर्शन को पहुंचे। क्रमिक रूप से अब कुल संख्या 35,55,595 हो गई है।

प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से 16 लोगों की मौत

प्राकृतिक आपदा के कारण पूरे प्रदेश में मरने वालों की संख्या 16 और घायलों की संख्या 25 है। इनमें देहरादून में 3 मरे, तीन घायल, उत्तरकाशी में 4 मरे 10 घायल, रुद्रप्रयाग में दो की मृत्यु हुई, एक घायल हुआ। पौड़ी में एक मरा तीन घायल जबकि हरिद्वार में पांच की मृत्यु हुई एक घायल हुआ। टिहरी में एक मरा एक घायल और उधमसिंह नगर में छह घायल हुए हैं।

सड़क हादसों में अब तक 38 लोग मारे

विभाग को सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में 15 जून से अब तक 38 लोग मारे गये हैं और 142 घायल हुए हैं। इसी तरह आपदा से जो लोग प्रभावित हुए हैं उनमें लक्सर में 33 गांव तथा 2775 परिवार, हरिद्वार में 14 गांव 140 परिवार, रुड़की में 22 गांव 750 परिवार, भगवान में दो गांव 90 परिवार आपदा से प्रभावित हुए हैं। इन सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है और सहायता राशि दी जा रही है।

जनता की सेवा में सुरक्षा बलों के 689 सदस्य कार्यरत हैं तथा अहेतुक सहायता के लिए 20.36 धनराशि अब तक वितरित की गई है। पूरे प्रदेश में आपदा ग्रस्त क्षेत्र पर सरकार का विशेष ध्यान है। इसी संबंध में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने भी संंगठन को सतर्क किया है और कहा कि इस समय जनता की सेवा में कोई कोताही न बरती जाए। प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के निर्देशन में पार्टी जनसेवा में जुटी है।
 


Read More: उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, कई नदियां खतरे स्तर पहुंची,आपदा प्रबंधन एजेंसियां हाई अलर्ट पर