रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद् (यूबीएसई) ने वर्ष 2026 के हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। हाईस्कूल में 92.10% और इंटर में 85.11% छात्र सफल रहे। मेधावी सूची में अक्षत गोपाल ने 98.20% अंक इंटर की गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता ने 98.00% अंक के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है।
परिषद् के सभापति डॉ. मुकुल कुमार सती ने शनिवार को कैबिनेट मंत्री की उपस्थिति में परिणाम जारी किए। इस वर्ष दोनों स्तरों पर परीक्षाफल में वृद्धि दर्ज की गई है और छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
हाईस्कूल परीक्षा में 1,12,266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 ने परीक्षा दी और 1,00,373 सफल घोषित हुए। कुल परीक्षाफल 92.10% रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1.33% अधिक है। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.03% जबकि बालिकाओं का 96.07% रहा। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 92.47% और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 65.05% दर्ज किया गया।
इण्टरमीडिएट परीक्षा में 1,02,986 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,452 परीक्षा में शामिल हुए और 85,499 सफल हुए। कुल परीक्षाफल 85.11% रहा, जो पिछले वर्ष से 1.88% अधिक है। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93% और बालिकाओं का 88.09% दर्ज किया गया। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 85.93% और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 61.48% रहा।
आंकड़ों के अनुसार कुल 7,935 परीक्षार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर ‘सम्मान सहित’ श्रेणी में सफलता हासिल की, जो कुल उत्तीर्ण छात्रों का 7.28 प्रतिशत है। प्रथम श्रेणी में 30,734 छात्र-छात्राएं (28.20%) उत्तीर्ण हुए, जबकि सर्वाधिक 46,708 परीक्षार्थी (42.86%) द्वितीय श्रेणी में सफल घोषित किए गए। तृतीय श्रेणी में 14,986 परीक्षार्थी (13.75%) उत्तीर्ण हुए।
इसके अतिरिक्त, प्रदेश की संयुक्त श्रेष्ठता सूची (टॉप 25) में 207 विद्यार्थियों ने स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। (हि.स.)
Read More: Uttarakhand Board Result: 10वीं में अक्षत गोपाल, 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता टॉपर




