img

चेन्नई। अभिनेता-राजनेता जोसेफ विजय की तमिलगा वेत्री कड़गम और राज्यपाल के बीच जारी खींचतान के कारण तमिलनाडु की राजनीति दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है। विजय ने कल तीसरी बार तमिलनाडु के राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया लेकिन बहुमत के “मैजिक नंबर” को लेकर अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है।

टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय ने कल राजभवन में राज्यपाल राजेन्द्र अर्लेकर से मुलाकात कर दावा किया कि उनके पास 116 विधायकों का समर्थन है। हालांकि, उनकी पार्टी अभी भी बहुमत के लिए जरूरी 2 विधायकों से पीछे है। इसी कारण विजय के आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर भी संशय बना हुआ है।

तमिलनाडु विधानसभा की कुल 234 सीटों में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन आवश्यक है।


तमिलनाडु की राजनीति में हर पल नया घटनाक्रम सामने आ रहा है। विदुतलाई चिरुथाईगल कच्छी (वीसीके) आज टीवीके को समर्थन देने को लेकर आधिकारिक घोषणा कर सकती है। देर रात वीसीके नेताओं ने विजय के आवास पहुंचकर समर्थन के बदले कई शर्तें रखीं। जिसमें उपमुख्यमंत्री पद और मंत्री पद की मांग के साथ दूसरी अन्य मांगें हैं।

वीसीके ने स्पष्ट किया है कि इन मांगों को स्वीकार किए जाने पर ही समर्थन दिया जाएगा। पार्टी ने विजय को समयसीमा भी दी है और आज आधिकारिक समर्थन की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है।  (हि.स.)

फिलहाल वीसीके को छोड़कर टीवीकेके पास 116 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है। यदि वीसीके समर्थन देती है तो यह संख्या बढ़कर 118 हो जाएगी।


Read More: तमिलनाडु में विजय के शपथ ग्रहण पर संशय बरकरार, बहुमत के “मैजिक नंबर” को लेकर फंसा पेंच