img

अहमदाबाद । गुजरात के अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा हो गया। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक यहां  एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान  टेक ऑफ के बाद क्रैश हो गया। ये विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 लोग सवार थे । हादसा मेघानी नगर के पास हुआ। क्रैश साइट से आसमान में काला धुआं उठता हुआ देखा गया।  प्लेन में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक सवार था। 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक - एअर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1.38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1.40 बजे यह क्रैश हो गई। जानकारी के मुताबिक विमान एयरपोर्ट की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया।एयर इडिया की ओर से हेल्पलाइन नंबर - 1800 5691 444 जारी किया गया है।

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट संख्‍या AI171 दुर्घटना का शिकार हो गई है। अन्य विवरण लिए जा रहे हैं और जल्द ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी।

वहीं, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने जारी बयान में इस बात की पुष्टि की है कि एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 242 यात्री सवार थे, जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे। विमान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के पास थी और उसके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विमान दुर्घटना के संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की। उन्होंने केंद्र सरकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 90 कर्मियों वाली 3 टीमें गांधीनगर से दुर्घटना स्थल पर भेजी गई हैं। वडोदरा से 3 और टीमें भेजी जा रही हैं।

उधर, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने जारी बयान में कहा, "अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध और व्यथित हूं। हम उच्चतम अलर्ट पर हैं। सभी विमानन और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को त्वरित और समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बचाव दल को तैनात कर दिया गया है।" 

पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।”(एजेंसी)
 

 


Read More: माफिया अतीक अहमद के बेटे मौत, बड़े भाई से मिलने झांसी जेल जा रहा था, कार डिवाइडर से टकराई