गाजियाबाद । उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक आलीशान कोठी में चल रहा फर्जी दूतावास चल रहा था। इसका खुलासा मंगलवार को यूपी स्पेशल टॉस्क फोर्स (UPSTF) की छापेमारी में हुआ। एसटीएफ ने अवैध दूतावास का संचालन करने वाले आरोपी हर्षवर्धन निवासी कविनगर को गिरफ्तार किया है।
हर्षवर्धन पुत्र जेडी जैन कविनगर इलाके में एक किराए की कोठी में में अवैध रूप से वेस्ट आर्कटिक दूतावास चला रहा था। इसके अलावा वह अपने आप को वेस्ट आर्कटिक, सबोरगा, पुलावाविया, लोडोनिया देशों का कॉन्सुल एंबेसडर बताता है। हालांकि, इन नामों के कोई देश नहीं हैं।
एसटीएफ के मुताबिक लोगों को प्रभाव में लेने के लिए वह प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और कई अन्य गणमान्य लोगों के साथ अपनी मॉर्फ़ की हुई फोटो काे उसने अपने कार्यालय में लगा रखे थे। उसने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित अन्य देश के जाने माने लोगों के फोटो एडिट कर अपने पोस्ट किए थे। हर्षवर्धन का मुख्य काम कंपनियों और प्राइवेट व्यक्तियों को बाहर के देशों में काम दिलाने के नाम पर दलाली करना तथा शेल कंपनियों के माध्यम से हवाला रैकेट भी चलाता था।
एसटीएफ ने उसके मकान से 44 लाख 70 हजार रुपये नकद, कई देशों की विदेशी मुद्रा, 20 डिप्लोमेटिक गाड़ियों की नंबर प्लेट, चार डिप्लोमेटिक नम्बर प्लेट लगी लग्जरी गाड़ियां, माइक्रोनेशन देशों के 12 डिप्लोमेटिक पासपोर्ट, विदेश मंत्रालय की मोहर लगे कूटरचित दस्तावेज, कूटरचित दो पैनकार्ड, विभिन्न देशों और कई कंपनियों की 34 मोहरें, 2 कूटरचित प्रेस कार्ड, कई देशों की विदेशी मुद्रा सहित अन्य सामान बरामद किया। छापे के दौरान उसके मकान में उसके ससुर आनंद जैन, भाटिया मोड़ निवासी ईश्वर सिंह और घरेलू सहायक हेमंत कुमार राजवंशी भी मिले। ईश्वर और हेमंत को एसटीएफ ने गवाह बनाया।
आरोपी के चंद्रास्वामी और अदनान खगोशी से भी रहे हैं संबंध
पुलिस के अनुसार एसटीएफ की पूछताछ में हर्षवर्धन के पूर्व में चर्चित तांत्रिक चंद्रास्वामी और इंटरनेशनल आर्म्स डीलर अदनान खगोशी (इंटरनेशनल आर्म्स डीलर) से भी संपर्क में होने का भी पता चला है। एसटीएफ ने अवैध दूतावास पर कार्रवाई करने से पहले इस संबंध में केंद्रीय एजेंसियों से इसकी पुष्टि की। एजेंसी से पता चला कि बिना विदेश मंत्रालय की अनुमति के दूतावास नही चलाया जा सकता। यह भारत की संप्रभुता के विरुद्ध है। वर्ष 2011 में हर्षवर्धन के पास एक अवैध सेटेलाइट फ़ोन भी बरामद हुआ था, जिसका मुकदमा थाना कविनगर में पंजीकृत है। एसटीएफ मामले की गहराई से जांच कर रही है। (हि.स.)
Read More: हरदोई में बच्चे का अपहरण कर हत्या करने का आरोपी एनकाउंटर में ढेर




