img

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी (NEET UG 2026) को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम (Telegram) के इस्तेमाल पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी है। बता दें कि आगामी 21 जून को नीट यूजी की दोबारा परीक्षा (NEET Re-Exam) होनी है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी कानून, 2000 की धारा 69A के तहत टेलीग्राम पर रोक लगाई है। यह रोक 22 जून 2026 तक रहेगी। हालांकि आदेश कब से लागू होगा, इसकी तारीख नहीं दी गई है।

NEET री-एग्जाम 21 जून को होगा। सरकार ने एग्जाम के बाद भी टेलीग्राम को अपना मैसेज एडिट फीचर 30 जून तक बंद रखने का निर्देश दिया है। यानी भारत में टेलीग्राम पर पहले से भेजे गए मैसेज 30 जून तक एडिट नहीं हो पाएंगे।

NTA के मुताबिक कुछ लोग टेलीग्राम का इस्तेमाल परीक्षाओं में पेपर लीक होने के फर्जी सबूत बनाने के लिए करते रहे हैं। ऐसे मामलों को रोकने और परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

एनटीए (NTA) ने यह भी कहा कि टेलीग्राम के संदेश संपादन फीचर का दुरुपयोग कर कुछ मामलों में परीक्षा संपन्न होने के बाद वास्तविक प्रश्नपत्र को पुराने संदेशों में जोड़कर उसे पहले से उपलब्ध होने का झूठा प्रमाण प्रस्तुत किया गया। मंत्रालय के निर्देश इस तरह की फर्जी सामग्री तैयार करने की संभावना को रोकने के उद्देश्य से जारी किए गए हैं।

एजेंसी ने बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई द्वारा जारी सार्वजनिक चेतावनी तथा अहमदाबाद साइबर क्राइम शाखा की कार्रवाई का भी उल्लेख किया। NTA के अनुसार अहमदाबाद में एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जो टेलीग्राम के आठ चैनलों का संचालन कर रहे थे। जांच में लगभग 1.5 करोड़ रुपये के लेनदेन और एक महीने में करीब एक हजार मोबाइल नंबरों से संपर्क करने के प्रमाण मिले हैं।

NTA ने साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन या ऑफलाइन धोखाधड़ी की सूचना राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दी जा सकती है।

 

 


Read More: सरकार ने WhatsApp से यूजरनेम फीचर रोकने को कहा, मेटा को नोटिस, 3 दिन में जवाब मांगा