पटना। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष तेजस्वी यादव बिहार चुनाव के लिए महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया। उपमुख्यमंत्री मुकेश सहनी होंगे। उन्होंने कहा कि हमारा नेता तो तेजस्वी यादव हैं। NDA बताए कि उनका CM फेस कौन होगा। सिर्फ नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे, कहने से नहीं चलेगा।
गहलोत ने कहा कि उप मुख्यमंत्री और भी लोग बनाए जाएंगे, जो पिछड़े समुदाय से होंगे। होटल मौर्या में तेजस्वी यादव की तस्वीरों के साथ बोर्ड और पोस्टर लगाए गए। कांग्रेस या अन्य दलों के किसी भी नेता की फोटो पोस्टर पर नहीं थे। इससे विवाद पैदा हो गया है।
भाजपा ने कहा कि कांग्रेस ने अपना सम्मान खो दिया है। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा- महागठबंधन के भीतर कलह है। वे जनता को चाहे जितना भी समझाने की कोशिश करें कि वे एकजुट हैं, जनता समझ चुकी है कि जो पार्टी सीटों का बंटवारा नहीं कर सकती, वह सरकार नहीं चला पाएगी।
वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा- विरोधी को जो कहना है कहने दीजिए, लेकिन हमारे (महागठबंधन) बीच कभी कोई टकराव नहीं था। पोस्टर में सिर्फ तेजस्वी की तस्वीर कोई मुद्दा नहीं है। क्या बिहार के युवाओं के लिए यह मुद्दा मायने रखता है?
Read More: श्रीनगर के पुलिस थाने में धमाका , 9 की मौत, फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक का सैम्पल लेते समय ब्लास्ट




