जम्मू- कश्मीर। पुलवामा में आतंकियों ने एक बार फिर टारगेट किलिंग को अंजाम दिया है। रविवार को आतंकियों ने कश्मीरी पंडित संजय शर्मा पर गोलियां चला दीं और हमला कर मौके से फरार हो गए। आनन-फानन संजय शर्मा को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया है।
प्रास्त जानकारी के अनुसार, पुलवामा के अचन इलाके के रहने वाले संजय शर्मा पुत्र काशीनाथ शर्मा रविवार को किसी काम से बाजार जा रहे थे। इस दौरान आतंकियों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में वह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि संजय शर्मा बैंक सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करते थे। उधर, पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है। आतंकियों की तलाश की जा रही है।
इससे पहले शुक्रवार रात को आतंकियों ने अनंतनाग में पूर्व पंच आसिफ अली को निशाना बनाया था। जिले के बिजबिहाड़ा इलाके के हसनपोरा तवेला में मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे आसिफ अली गनेई को दहशतगर्दों ने गोली मारकर घायल कर दिया था।




