जयपुर। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सोनिया गांधी ने शनिवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक जनसभा को संबोधित किया। सोनिया ने कहा कि देश से ऊपर कोई नहीं होता, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद को महान मानते हैं। यह देश चंद लोगों की जागीर नहीं है। हमारे पूर्वजों ने इसे खून से सींचा है। ये देश हमारे बच्चों का आंगन है।

सोनिया गांधी जयपुर के विद्याधरनगर स्टेडियम में आयोजित कांग्रेस के घोषणा पत्र 'न्याय पत्र' को जारी करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि हमारे महान पूर्वजों ने अपने संघर्ष के बल-बूते देश की स्वाधीनता के सूर्य को खोजा और पाया था। इतने सालों बाद महान ज्योति मद्धम पड़ गई है। हमारा संकल्प होना चाहिए कि हम इसके खिलाफ लड़ेंगे और न्याय की रोशनी खोजेंगे।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि हमारा देश पिछले 10 सालों से ऐसी सरकार के हाथ में जिसने बेरोजगारी, आर्थिक संकट को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मोदी सरकार ने जो-जो किया है वो हमारे सामने है। इसलिए यह समय हताशा से भरा हुआ है, लेकिन जान लीजिए हताशा के साथ उम्मीद का भी जन्म होता है। मुझे पूरा यकीन है कांग्रेस के हमारे साथी न्याय के दीपक को सीने की आग से जलाएंगे और हजारों आंधियों से संभाल आगे बढ़ेंगे।
जनसभा को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी संबोधित किया। खड़गे ने कहा कि मोदी हमेशा लोगों को भ्रमित करते हैं। आपने देश के लिए कुछ नहीं किया, फिर भी कहते रहते हैं कांग्रेस वालों ने कुछ नहीं किया, 70 सालों में कुछ नहीं किया। हम तो 55 साल का हिसाब दे रहे हैं। राजस्थान-जयपुर में या उसका हिसाब दे रहे हैं। आप दो न हिसाब, तुमने क्या किया। तुम में बोलने की ताकत नहीं है। बात उठी तो कांग्रेस को गालियां देना, बात करें तो गांधी परिवार को गालियां देना। राजस्थान में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा कि एयरपोर्ट, आईआईटी और एम्स कांग्रेस लाई और मोदी जी कहते हैं देश का विकास हो रहा है। मैं देश के विकास के लिए काम कर रहा हूं। इस बार नया सॉन्ग और ड्रामा लाए हैं। मोदी की गारंटी.. वे पार्टी और भाजपा का नाम नहीं लेते। मोदी है तो मुमकिन है...मोदी है तो गारंटी है। ये हर जगह कह रहे हैं..मेरी गारंटी, ये हमारा शब्द है, जो मोदी ने चुरा लिया।
जनसभा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के न्याय पत्र की प्रमुख बातों की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा के नेता और मोदी जी खोखले संसार और दुनिया में रह रहे हैं। गाजे बाजे में, शोहरत में, आपको केवल अच्छा-अच्छा दिखता है, बड़ी-बड़ी इवेंटबाजी दिखती है। ये सब सच्चाई छिपाने के लिए हैं। दो सीएम जेल में हैं। कहते हैं कि भ्रष्टाचार पर वार है, लेकिन सब भ्रष्टाचारियों को अपनी पार्टी में शामिल कर रहे हैं। सारी पार्टियों को, भ्रष्टाचारियों को न्योता देकर अपने साथ ले रहे हैं और उन पर कोई सवाल नहीं उठाता। हम न्याय की गारंटी दे रहे हैं, लोकतंत्र की रक्षा करेंगे।
Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास




