नई दिल्ली। मान-मनौव्वल और सोनिया गांधी के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार कांग्रेस ने गुरुवार को कर्नाटक को नये मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया है। सिद्धारमैया को कांग्रेस ने कर्नाटक की कमान सौंप दी है। जबकि डीके शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। इस बाबत कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर जानकारी दी।

वेणुगोपाल ने कहा कि हमारे दोनों नेताओं सिद्धारमैया और शिवकुमार में प्रदेश को चलाने की क्षमता हैं। दोनों ने कर्नाटक चुनाव में बहुत मेहनत की है। ऐसे में पार्टी ने सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री होंगे।
इस संदर्भ में वेणुगोपाल ने आगे कहा कि डीके शिवकुमार संसदीय चुनाव के अंत तक कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष के रूप में बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि 20 मई को शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों का एक समूह भी शपथ लेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने ट्वीट में कहा कि हम 6.5 करोड़ कर्नाटक के लोेगों से वादा की गई 5 गारंटी को लागू करेंगे। टीम कांग्रेस कर्नाटक के लोगों की प्रगति, कल्याण और सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है।
खड़गे ने गुरुवार को ट्वीटर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के दोनों उम्मीदवारों डीके. शिवकुमार और सिद्धारमैया के साथ एक फोटो साझा किया है। इस फोटो में सिद्धारमैया और डीके. शिवकुमार पार्टी अध्यक्ष खड़गे के साथ खड़े हैं और मुस्कुरा रहे हैं।
खड़गे ने ट्वीटर पर लिखा कि टीम कांग्रेस कर्नाटक के लोगों की प्रगति, कल्याण और सामाजिक न्याय के लिए काम करेगी। हम कर्नाटक की जनता से किया वादा पूरा करेंगे। कांग्रेस ने कर्नाटक की जनता से जो पांच वादे किये थे, उसे पूरा करेगी।
उल्लेखनीय है कि शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर जो विवाद चल रहा था, उसे कांग्रेस आलाकमान ने सुलझा लिया है। अब सिद्धारमैया कर्नाटक के नये मुख्यमंत्री होंगे।




