img

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता प्रभात झा का शुक्रवार सुबह निधन हो गया है। वह मध्य प्रदेश के अध्यक्ष और लम्‍बे समय तक पार्टी के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष रहे थे, उन्‍हें संगठन ने राज्यसभा सदस्य भी चुना था। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सुबह पांच बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर के बाद पार्टी में शोक की लहर है।

मप्र भाजपा के प्रवक्ता हितेश बाजपेयी ने उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि झा लंबे समय से बीमार थे। उन्हें जून के आखिर में ही भोपाल से एयरलिफ्ट कर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश भाजपा के महासचिव हितानंद शर्मा उनका हाल जानने के लिए भोपाल के अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं हुआ तो गुरुग्राम लाया गया था।

उनके बेटे अयत्न ने निधन की जानकारी देते हुए कहा कि अंतिम संस्कार ग्वालियर या पैतृक गांव कोरियाही, सीतामढ़ी (बिहार) में होगा। प्रभात झा के निधन पर पार्टी के कई वरिष्‍ठ नेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया। प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्‍यम से कहा कि " भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता प्रभात झा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें।"

 


Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास