देहरादून। देश में इंफ्लुंएजा के मरीज के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। ऐसे में उत्तराखंड सरकार ने इन्फ्लुएंज़ा के मामलो को ध्यान में रखते हुए एहतियात बरतने की सलाह दी है। प्रदेश में कोरोना काल जैसी स्थिति न बने इसके लिए सतपाल महाराज ने पर्यटकों से अनुरोध किया है कि वह मास्क का प्रयोग जरूर करें।
सोमवार को गैरसैंण में मीडिया से बातचीत में सतपाल महाराज ने कहा कि इंफ्लूएंजा-ए के सब वेरिएंट एच3 एन2 के बढ़ते खतरे को देखते हुए इसकी रोकथाम के लिए जरूरी है कि सभी मास्क और सेनेटाइजर का प्रयोग करते हुए सरकार की जारी गाइडलाइन का पालन अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष चारधाम यात्रा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है इसलिए इंफ्लूएंजा-ए के सब वेरिएंट एच3 एन2 के बढ़ते खतरे को देखते हुए पहले से ही एहतिहाती कदम उठाने जरूरी हैं। इंफ्लूएंजा-ए के सब वेरिएंट एच3 एन2 का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसलिए उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया है कि इसकी रोकथाम के लिए जरूरी है।
दूसरी ओर, उत्तराखंड के पर्यटन व्यवसाय को पंख लग रहे हैं। इसका प्रमाण भारी संख्या में चारधाम यात्रा के लिए यात्रियों का पंजीकरण है। पर्यटन मंत्री ने सोमवार को बताया कि 18 फरवरी से प्रारंभ हुए चारधाम यात्रियों के पंजीकरण के तहत केदारनाथ के लिए 147240 और बद्रीनाथ के लिए 120194 यात्री अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि अभी तक केदारनाथ और बद्रीनाथ के लिए 267434 (दो लाख सड़सठ हजार चार सौ चौंतीस) यात्री अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। पर्यटन मंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को देखते हुए पर्यटन विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कार्य में लगा है। गढ़वाल मंडल विकास निगम गेस्ट हाउसों के लिए 16 फरवरी 2023 से शुरू हुई बुकिंग के तहत अभी तक 43360478 (चार करोड़ तैंतीस लाख साठ हजार चार सौ अट्ठहत्तर) की धनराशि की बुकिंग हो चुकी है जो उत्तराखंड में पर्यटकों की अभिरुचि का प्रमाण है। इससे उत्तराखंड के पर्यटन व्यवसाय को विशेष महत्व मिलेगा।
Read More: World Malaria Day: यूपी में मलेरिया पर करारा प्रहार, 7 गुना घटी मरीजों की तादाद




