संभल। होली एक, जुमा-52 वाला बयान देकर चर्चा में आए CO संभल अनुज चौधरी का तबादला कर दिया गया है। उन्हें चंदौसी सर्किल की जिम्मेदारी मिली है। उनकी जगह एएसपी आलोक भाटी को संभल सर्किल का नया प्रभार दिया गया है। आलोक सिद्धू को बहजोई सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बता दें कि सीओ अनुज चौधरी ने होली और जुमा के अवसर पर पीस कमेटी की बैठक में कहा था कि होली साल में एक और जुमा 52 बार आता है। अगर किसी को रंग से परहेज है तो वह घर से बाहर न निकले। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा था कि अगर ईद की सिवइयां खिलानी हैं तो होली की गुजिया भी खानी पड़ेगी। उनका यह बयान सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया था।
अर्जुन अवॉर्ड विजेता हैं अनुज चौधरी
अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में भारत का मान बढ़ा चुके अनुज चौधरी खेल कोटे से उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए हैं। वह अपनी लंबी चौड़ी कद काठी, फिटनेस और बेधड़क अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह 2002 और 2010 नेशनल गेम्स में दो सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। साथ ही एशियाई चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक जीत चुके हैं। 1997 से 2014 तक वे कुश्ती में नेशनल चैंपियन रहे। 2001 में उनको लक्ष्मण अवॉर्ड और 2005 में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। 2012 में वह खेल कोटे से (सीओ) डिप्टी एसपी बनाए गए। (एजेंसी)
Read More: सपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र चौधरी की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती




