img

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज सूरत (गुजरात) अदालत के दो साल की सजा के फैसले को चुनौती देंगे। वह 2019 के आपराधिक मानहानि मामले में अपनी दोष सिद्धि के खिलाफ दोपहर बाद सूरत की सत्र न्यायालय में अपील दायर करेंगे। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी में राहुल के घर उनसे मिलने उनकी मां सोनिया गांधी पहुंचीं। राहुल के साथ प्रियंका गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा लीगल टीम भी सूरत जा रही है।

इधर, भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। पात्रा ने कहा- राहुल गांधी अपने परिवार के सदस्य, अशोक गहलोत और भूपेश बघेल के साथ सूरत जा रहे हैं। यहां ये 2 साल की सजा के खिलाफ अपील के नाम पर हुड़दंग मचाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने राहुल और कांग्रेस से पूछा, क्या ये न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश हो रही है?

सूरत में प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस शासित तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अन्य बड़े नेताओं के अलावा राज्य इकाइयों के नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है। राहुल के वकीलों ने कहा कि सूरत की सत्र अदालत से सजा निलंबित करने का आग्रह किया जाएगा। राहुल के अपराह्न करीब दो बजे तक सूरत पहुंचने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि सूरत के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एचएच वर्मा की अदालत ने राहुल गांधी की एक टिप्पणी के संबंध में दायर आपराधिक मानहानि के मुकदमे में उन्हें 23 मार्च को दोषी करार देते हुए दो साल के कारावास की सजा सुनाई थी। अदालत ने राहुल को भारतीय दंड संहिता की धारा 499 (मानहानि) और 500 (किसी व्यक्ति की आपराधिक मानहानि के दोषी व्यक्ति के लिए सजा) के तहत दोषी ठहराया है।

हालांकि, अदालत ने कांग्रेस नेता को उसी दिन जमानत दे दी थी और सजा के अमल पर 30 दिन के लिए रोक लगा दी थी, ताकि वह ऊपरी अदालत में अपील दाखिल कर सकें। इसके बाद लोकसभा सचिवालय ने 24 मार्च को अधिसूचना जारी कर राहुल गांधी को संसद की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया था।

राहुल के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने उस टिप्पणी को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उन्होंने कहा था- 'सभी चोरों का उपनाम मोदी क्यों है?' राहुल ने 13 अप्रैल, 2019 को लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान कर्नाटक के कोलार में एक रैली को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की थी।
 


Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास