मुंबई। 90 के दशक में 'आशिकी' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाली एक्ट्रेस अनु अग्रवाल ने बड़ा खुलासा किया है। अनु ने कहा कि उस दौर में इंडस्ट्री पर दाऊद इब्राहिम जैसे लोगों का राज था। इंडस्ट्री में आने वाला सारा पैसा अंडरवर्ल्ड से आता था।
अनु अग्रवाल ने एक इंटरव्यू में बताया कि आशिकी जैसी फिल्म देने के बावजूद उनको पूरी फीस नहीं मिली। अनु ने कहा कि "उस समय इंडस्ट्री पर दाऊद इब्राहिम जैसे लोगों का राज था। इंडस्ट्री में आने वाला सारा पैसा अंडरवर्ल्ड से आता था।
मुझे फीस का केवल 60 प्रतिशत ही मिला है, लेकिन कोई बात नहीं। आशिकी के बाद मैंने खूब कमाया। मॉडलिंग में मैंने और भी ज्यादा कमाया। मैं कई ब्रांड्स की ब्रांड एंबेसडर बनी। उस समय कोई भी एक्टर ब्रांड एंबेसडर नहीं होता था। केवल सुनील गावस्कर जैसे लोग ही एंबेसडर बनते थे। ठीक है, मुझे पूरा पैसा नहीं मिला, मुझे लगता है कि मैंने उन्हें तोहफे में दे दिया।"
एक्ट्रेस ने कहा कि "यह बहुत बुरा कारोबार था। आज मैं इसका हिस्सा नहीं हूं। अगर मैं आज इंडस्ट्री में वापस आऊं, तो मुझे लगता है कि यह पहले से भी बदतर होगा"।
बता दें कि अनु अग्रवाल अब एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में काम कर रही हैं। 1999 में एक दुर्घटना के कारण उनकी याददाश्त चली गयी। बाद में वह आध्यात्म के मार्ग पर चल पड़ीं। वह झुग्गी-झोपड़ियों में जाकर योग की शिक्षा देती हैं।
Read More: OTT पर धमाल मचाने आ रही है 'धुरंधर 2', जानें कब और कहां ऑनलाइन देख पाएंगे फिल्म




