सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। गंगोह के गांव सांगाठेड़ा में भाजपा नेता योगेश रोहिला ने अपनी पत्नी और 3 बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने भाजपा नेता को पकड़कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरूआती जांच में पत्नी के अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गंगोह कस्बे के सांगाठेड़ा गांव के रहने वाले भाजपा नेता योगेश रोहिला ने घर के अंदर ही पत्नी नेहा (31), बेटी श्रद्धा (11), दोनों बेटों शिवांश उर्फ शिवा (4) और देवांश (6) को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। सभी के सिर पर गोली मारी गई और श्रद्धा व शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद योगेश ने खुद पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इस हृदय विदारक घटना को देख दंग रह गई और फौरन गंभीर रुप से घायल पत्नी नेहा और देवांश को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान दूसरे बेटे देवांश ने भी दम तोड़ दिया। पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। सूत्रों के मुताबिक वारदात के बाद भाजपा नेता योगेश रोहिला ने भागने की कोशिश की लेकिन भीड़ने उसको पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
हालांकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह साजवान ने बताया हत्यारोपित योगेश ने घटना के बाद खुद पुलिस को जानकारी दी। उसने इस वारदात को घर के अंदर ही अंजाम दिया है। पुलिस ने वह हथियार बरामद कर लिया है, जिससे गोली मारी गई है। हत्या के कारणों की जांच की जा रही है और साक्ष्य एकत्र कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रथम दृष्टया ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार हत्यारोपित मानसिक तनाव में चल रहा था और पत्नी पर अवैध संबंध को लेकर शक कर रहा था। बताया जाता है कि उसकी दो शादियां हुई थीं। (हि.स.)
Read More: UP Board Result Lucknow: 10वीं में अद्रिजा और आरोही, 12वीं में सुभान अली लखनऊ के टॉपर




