img

बेंगलुरु । विपक्ष की बैठक मंगलवार को समाप्त हो गई। सभी 26 दलों ने "इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (इंडिया)" के बैनर तले भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के खिलाफ चुनाव लड़ने का फैसला किया है।


इसका ऐलान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी दलों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने कहा- समन्वय के लिए 11 सदस्यों की कमेटी और एक कार्यालय जल्द बनाया जाएगा। इसकी घोषणा मुंबई में होने वाली हमारी अगली बैठक में होगी।

खड़गे ने कहा कि खड़गे ने कहा- भाजपा ने लोकतंत्र की सभी एजेंसियों ED, CBI आदि को नष्ट कर दिया है। हमारे बीच राजनीतिक भेद हैं, लेकिन हम देश को बचाने के लिए साथ आए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "युद्ध अब इंडिया और एनडीए, नरेंद्र मोदी बनाम इंडिया, उनकी विचारधारा और इंडिया के बीच है। इतिहास में कोई भी इंडिया के आइडिया से लड़ने में कामयाब नहीं हुआ है।"

जब नेता बैठक के बारे में जानकारी दे रहे थे, सूत्रों ने कहा कि उन्होंने सीट बंटवारे के संबंध में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने नफरत की राजनीति, केंद्र सरकार की विफलताओं पर चर्चा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई।

खड़गे ने ट्वीट किया, ''मुझे खुशी है कि 26 पार्टियां एकजुट होकर काम करने के लिए बेंगलुरु में मौजूद हैं। हम सब मिलकर आज 11 राज्यों में सरकार में हैं। बीजेपी को अकेले 303 सीटें नहीं मिलीं। उसने अपने सहयोगियों के वोटों का इस्तेमाल किया और सत्ता में आई और फिर उन्हें त्याग दिया।"

उन्होंने कहा, ''भाजपा अध्यक्ष और उनके नेता अपने पुराने सहयोगियों से समझौता करने के लिए एक राज्य से दूसरे राज्य भाग रहे हैं। उन्हें डर है कि जो एकता वे यहां देख रहे हैं, उसका परिणाम अगले साल उनकी हार में होगी।''

"हर संस्था को विपक्ष के खिलाफ हथियार बनाया जा रहा है। इस बैठक में हमारा इरादा अपने लिए सत्ता हासिल करना नहीं है। यह लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की रक्षा करना है। आइए हम इंडिया को प्रगति के पथ पर वापस ले जाने का संकल्प लें।"

इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने ट्वीट कर भाजपा पर तंज कसा । आरजेडी ने लिखा कि विपक्षी दलों का गठबंधन भारत का प्रतिबिंब है। अब भाजपा को इंडिया कहने में भी पीड़ा होगी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को हराने के लिए 26 विपक्षी दल साथ आए हैं। विपक्षी एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से इन दलों ने पहले पटना में बैठक की और आज बेंगलुरु में बैठक कर रहे हैं।
 


Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास