नई दिल्ली। अडाणी ग्रुप पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। विपक्ष अडाणी ग्रुप पर लग रहे आरोपों की जांच की मांग पर अड़ गया है। संसद में शुक्रवार को भी हंगामा हुआ। इसके चलते लोक सभा की कार्यवाही को दोपहर बाद 2 बजे तक और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर बाद 2:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सुबह 11 बजे लोक सभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों ने अडानी के मसले पर हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सांसदों के हंगामे और नारेबाजी के बीच लोक सभा अध्यक्ष बिरला लगातार प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते नजर आए।
लोक सभा अध्यक्ष ने सदन चलने देने की अपील करते हुए कहा कि प्रश्नकाल बहुत ही महत्वपूर्ण समय होता है। इसके जरिए सरकार की जवाबदेही तय होती है। नारेबाजी को सदन की मर्यादा के खिलाफ बताते हुए बिरला ने कहा कि देश में जनजातीय समुदाय से पहली राष्ट्रपति बनी है और उन्होंने पहली बार अपना अभिभाषण दिया है क्या हंगामा कर रहे सांसद उन्हें उनके अभिभाषण पर धन्यवाद नहीं देना चाहते, उस पर चर्चा नहीं करना चाहते। क्या वे बजट पर चर्चा नहीं चाहते। लेकिन इसके बावजूद भी हंगामा जारी रहा।




