img

भुवनेश्वर/पटना। केन्द्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया ने रविवार को भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स ) में वरिष्ठ डॉक्टरों व अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने ट्रेन दुर्घटना में मारे गये लोगों के शवों को सुरक्षित रखने तथा उनके परिजनों को लौटाने की प्रक्रिया को लेकर चर्चा की।

साथ ही डॉ. मंडाविया ने कहा कि नई दिल्ली से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भुवनेश्वर एम्स पहुंच रही है। इससे पहले डॉ. मंडाविया आज सुबह भुवनेश्वर पहुंचे। भुवनेश्वर हवाई अड्डा से वे सीधे भुवनेश्वर एम्स पहुंचे। वहां उन्होंने घायलों के इलाज के संबंध में जानकारी ली।

40 यात्रियों को लाया जा रहा बिहार

उधर, ओडिशा के बालासोर में बहनागा रेलवे स्टेशन के पास हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना में बिहार के यात्रियों को आवश्यक मदद पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर बिहार के अधिकारियों की चार सदस्यीय टीम ओडिशा गयी है, जो राज्य सरकार, रेलवे तथा बालासोर जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करेगी।

चार सदस्यीय टीम में श्रम संसाधन निदेशक श्याम बिहारी मीणा, मुजफ्फरपुर के रेल एसपी डॉ. कुमार आशीष, आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी अविनाश कुमार और एसडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट शहरयार शामिल हैं। आपदा प्रबंधन सचिव संजय कुमार अग्रवाल पूरी मामले की निगरानी कर रहे हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग ने इस घटना से संबंधित सूचना पाने के लिए हेल्पलाईन नम्बर जारी किया है। इस ट्रेन हादसे में सुरक्षित बिहार के लोगों को लाने के लिए सरकार ने प्रयास शुरू कर दिया है। फिलहाल प्रथम बैच में 40 यात्रियों को बस से वापस बिहार लाया जा रहा है। इसमें किशनगंज और सीतामढ़ी के दो-दो, अररिया के 24, दरभंगा के नौ, समस्तीपुर के तीन यात्री हैं।

इस रेल दुर्घटना में अबतक बिहार के सात लोगों की मौत हो गई है। इसमें उत्तर बिहार के चार, नवादा के दो और जमुई के दो लोग हैं जबकि 36 से अधिक घायल हैं। दस लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो मधुबनी के झंझारपुर और एक लदनियां का है। पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा के पहले शख्स चिकनी गांव के राजा पटेल (25) हैं, जिनकी मौत की पुष्टि हो गई है।

नवादा के रोह प्रखंड के मड़रा गांव के बद्री मांझी के पुत्र पप्पू मांझी की इस घटना में मौत हुई है। मड़रा पंचायत के मुखिया देवेंद्र प्रसाद मौत हुई है। साथ ही वहां के छह लोग घायल हैं। बेगूसराय के पांच लोग भी जख्मी हुए हैं। लापता लोगों में मधुबनी के बासोपट्टी के छह, पश्चिम चंपारण के दो, जुमुई व बिहारशरीफ के एक-एक हैं। इनके परिजन अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं। मृतकों व घायलों के परिजन शनिवार को ओडिशा के लिए रवाना हुए हैं। घायलों का इलाज चल रहा है।
 


Read More: ICSE, ISC बोर्ड का रिजल्ट जारी, 10वीं में 98.18% तो 12वीं में 99% स्टूडेंट्स पास